सलमान खान और बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को हत्या की धमकी मिलने के बाद नोएडा से एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी सलमान को धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मुंबई। पुलिस ने नोएडा से 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसपर फिल्म स्टार सलमान खान और बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को हत्या की धमकी देने का आरोप है। इसने जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगी थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एनसीपी (अजीत पवार) के बड़े नेता और विधायक रहे बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर को गोली मारकर की गई थी। इसके बाद से सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जीशान सिद्दीकी और सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली तो मुंबई पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने गुफरान खान नाम के युवक को नोएडा से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले गई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जीशान सिद्दीकी के बांद्रा स्थित ऑफिस में शुक्रवार शाम को धमकी भरा संदेश आया था। इसमें फिरौती न देने पर सलमान खान और जीशान को जान से मारने की धमकी दी गई। जीशान के ऑफिस के एक कर्मचारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सब्जी बेचने वाले ने दी थी धमकी
इससे पहले मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर के 24 साल के शेख हुसैन शेख मौसिन को गिरफ्तार किया था। वह सब्जी बेचता है। उसे मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर मिले धमकी भरे संदेश के मामले में गिरफ्तार किया था। धमकी भरे मैसेज में 5 करोड़ रुपए फिरौती मांगी गई थी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी थी सलमान खान को धमकी
सलमान खान को इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस गैंग के अपराधियों ने बांद्रा स्थित सलमान के घर के बाहर गोलीबारी की थी। सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके घर के बाहर पुलिस का पहरा बढ़ाया गया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके चलते पुलिस अधिकारी सलमान की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क हैं।

यह भी पढ़ें- मनी लॉन्ड्रिंग का नया हथियार: अवैध पेमेंट गेटवे और रेंटेड बैंक अकाउंट?