ram setu sadak ajmer : अजमेर की एलीवेटेड रोड का नाम बदलकर 'रामसेतु' रखा गया है। यह फैसला विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर लिया गया है और इसके सौंदर्यीकरण के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

ram setu sadak ajmer : अजमेर शहर की पहचान बनने जा रही एलीवेटेड रोड को अब ‘रामसेतु’ के नाम से जाना जाएगा। यह फैसला राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश पर लिया गया है। संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति ने नामकरण को मंजूरी प्रदान कर दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह एलीवेटेड रोड अजमेर के प्रमुख मार्गों—स्टेशन रोड, पृथ्वीराज मार्ग, कचहरी रोड और नसियांजी रोड—के ऊपर से गुजरती है। वर्षों से ट्रैफिक की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र को इस रोड ने बड़ी राहत दी है।

यह निर्णय ‘राष्ट्रीय गौरव’ से जुड़ी पहल का हिस्सा

नामकरण का यह निर्णय ‘राष्ट्रीय गौरव’ से जुड़ी पहल का हिस्सा है। इसी अभियान के अंतर्गत हाल के वर्षों में शहर के कई स्थलों के नाम बदले गए हैं। उदाहरणस्वरूप, राजस्थान पर्यटन विकास निगम के होटल ‘खादिम’ का नाम अब ‘अजयमेरू’ रखा गया है, जो अजमेर का प्राचीन नाम है। फॉयसागर झील का नाम बदलकर 'वरुण सागर' तथा स्टेशन रोड पर स्थित ‘किंग एडवर्ड मेमोरियल’ का नाम ‘महर्षि दयानंद विश्रांति गृह’ किया गया है।

अजमेर विकास प्राधिकरण को मिले साफ निर्देश

अब ‘रामसेतु’ नामित इस एलीवेटेड रोड को न केवल नया नाम मिला है, बल्कि इसके सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि ब्रिज पर विशेष लाइटिंग, संकेतक बोर्ड और पार्किंग की सुविधाएं विकसित की जाएं। विशेष रूप से दोपहिया वाहनों के लिए रामसेतु के नीचे पार्किंग स्पेस विकसित किया जाएगा ताकि आसपास के इलाकों में ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके। इस पहल से अजमेर की शहरी पहचान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।