जयपुर के चित्रकूट इलाके में राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत पर गोली चली है। इस हमले में शेखावत बाल-बाल बच गए। मौके पर महिपाल सिंह मकराना को पकड़ लिया गया। 

जयपुर। राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत पर शुक्रवार की रात जानलेवा हमला हुआ। घटना जयपुर के चित्रकूट इलाके की है। राजपूत समाज के एक अन्य नेता महिपाल सिंह मकराना पर हमला करने का आरोप लगा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरोप है कि मकराना ने शिव सिंह शेखावत पर फायरिंग की। शिव सिंह एक घर में मौजूद थे। उनके साथ कुछ समर्थक भी थे। इसी दौरान मकराना पहुंच गए और शिव सिंह को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। शिव सिंह की किस्मत अच्छी थी कि मिस फायर हो गया। जान पर बन आए खतरे को देख वह दूसरी जगह चले गए हैं। वह सुरक्षित हैं।

दूसरी ओर शिव सिंह के समर्थकों ने मौके पर मकराना को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के चलते मकराना का सिर फूट गया। उनका चेहरा खून से सन गया। दो बड़े राजपूत नेताओं के बीच हुई लड़ाई की खबर मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिपाल सिंह मकराना को गिरफ्तार किया और एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में पुलिस का पहरा लगाया गया है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है। महिपाल सिंह मकराना के समर्थकों ने चित्रकूट थाने के बाहर प्रदर्शन किया है।

शिव सिंह शेखावत और महिपाल सिंह मकराना के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई

बता दें कि शिव सिंह शेखावत और महिपाल सिंह मकराना के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। शुक्रवार रात हुई हिंसा को इसी का नतीजा समझा जा रहा है। शिव सिंह शेखावत और महिपाल सिंह मकराना दोनों राजपूत समाज के बड़े नेता हैं।

यह भी पढ़ें- अलवर में BJP नेता की निर्मम हत्या: हथौड़े से तोड़ दीं हड्डियां, नहीं रुकी सांसें तो लाठियों से पीटा

पिछले साल दिसंबर में चित्रकूट इलाके के नजदीक वैशाली नगर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद दोनों करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पाने की कोशिश में जुटे थे। पिछले कुछ महीनों से दोनों में तनातनी काफी बढ़ गई थी। दोनों को शुक्रवार शाम चित्रकूट इलाके में साथ देखा गया था। इसके बाद फायरिंग की खबर आई।

यह भी पढ़ें- कोटा में ITI छात्र की आंखों में गोली मारी, दिल दहला देने वाली थी यह मौत