Restaurant Bill Round Off Rule: जयपुर में रेस्टोरेंट ने बिल राउंड ऑफ कर 50 पैसे एक्स्ट्रा वसूले। ग्राहक कोर्ट पहुंचा तो तगड़ा जुर्माना ठोका गया। जानें पूरा मामला..

Bill Round Off Rule: अक्सर जब आप किसी रेस्टोरेंट या मॉल में बिल पे करते हैं, तो 50 पैसे या 1-2 रुपए ऊपर-नीचे होने पर ध्यान नहीं देते हैं। आप सोचते हैं, 'छोड़ो यार, 50 पैसे के लिए क्या बहस करनी!' लेकिन जयपुर के एक 50 साल के शख्स ने ऐसा नहीं सोचा। उनकी समझदारी ने न सिर्फ रेस्टोरेंट की मनमानी पर ब्रेक लगाया, बल्कि उन्हें 50 पैसे के बदले पूरे 10,000 रुपए भी दिलवाए। यानी रेस्टोरेंट को उस अठन्नी की 20,000 गुना कीमत चुकानी पड़ी। आखिर रेस्टोरेंट में ऐसा क्या हुआ था और ये खबर आपके लिए जानना क्यों जरूरी है? आइए समझते हैं...

क्या है पूरा मामला?

ये मामला 14 फरवरी 2025 वैलेंटाइन डे की शाम की है। जयपुर के रहने वाले एक शख्स अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए फैमिली के साथ डिनर करने एक रेस्टोरेंट गए थे। खाना-पीना हुआ और जब बिल आया, तो टोटल अमाउंट बना 1,648 रुपए 50 पैसे। लेकिन, रेस्टोरेंट के स्टाफ ने बिल को 'राउंड ऑफ' (Round Off) करके 1,649 रुपए कर दिया। कस्टमर ने तुरंत इस पर सवाल उठाया। उनका तर्क था, 'भाई, मैं कैश नहीं दे रहा जो छुट्टे पैसे की दिक्कत हो। मैं UPI से पेमेंट कर रहा हूं, जिसमें पूरे 1,648.50 रुपए ट्रांसफर हो सकते हैं, तो फिर 50 पैसे एक्स्ट्रा क्यों?' लेकिन रेस्टोरेंट स्टाफ अपनी अकड़ पर अड़ा रहा। उन्होंने कह दिया कि यह तो हमारे रेस्टोरेंट की पॉलिसी है और आपको पूरा 1,649 रुपए ही देना होगा। आरोप है कि स्टाफ ने बदतमीजी भी की और मजबूरन कस्टमर को पूरे पैसे देने पड़े।

मामला पहुंचा कोर्ट और रेस्टोरेंट ने कर दी बड़ी गलती

रेस्टोरेंट स्टाफ का ये रवैया उस शख्स को इतना खटका कि उन्होंने इसे जाने देने के बजाय जयपुर जिला उपभोक्ता आयोग (Consumer Court) में केस ठोक दिया। उनका कहना था कि बिना पहले बताए बिल बढ़ाना गलत है और यह ग्राहक के साथ धोखा है। दिलचस्प बात ये रही कि जब कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई, तो रेस्टोरेंट की तरफ से कोई पेश ही नहीं हुआ। शायद उन्हें लगा होगा कि 50 पैसे के केस में क्या ही होगा। कोर्ट ने रेस्टोरेंट की गैर-मौजूदगी में ही फैसला सुना दिया।

कोर्ट ने क्या फैसला दिया?

27 अक्टूबर को सुनाए गए अपने आदेश में कंज्यूमर कोर्ट ने साफ कहा कि अपनी मर्जी से बिल को राउंड ऑफ करके एक्स्ट्रा पैसे वसूलना 'अनुचित व्यापार व्यवहार' (Unfair Trade Practice) है। कोर्ट ने पुराने एक मामले का हवाला देते हुए कहा कि कोई भी दुकानदार या रेस्टोरेंट बिना किसी ठोस नियम के ग्राहक से एक पैसा भी ज्यादा नहीं ले सकता है।

कोर्ट ने रेस्टोरेंट को क्या सजा सुनाई?

कस्टमर से लिए गए 50 पैसे वापस लौटाएं। ग्राहक को जो मानसिक परेशानी हुई, उसके लिए 7,000 रुपए का हर्जाना दें। केस लड़ने में जो खर्च आया, उसके लिए 3,000 रुपए अलग से दें। यानी कुल मिलाकर 10,000 रुपए और 50 पैसे रेस्टोरेंट को चुकाने का आदेश दिया गया।

अगर आप बिल दें तो 3 बातों का रखें ध्यान

जाना लाखों लोगों से 'राउंड ऑफ' के नाम पर 50 पैसे या 1 रुपया एक्स्ट्रा लिया जाता है, जो महीने भर में लाखों की कमाई बन जाती है। इसलिए हमेशा बिल पेमेंट करते समय 3 बातों का ख्याल जरूर रखें..

UPI है तो सेम पेमेंट करें

जब आप डिजिटल पेमेंट (UPI, कार्ड) कर रहे हैं, तो छुट्टे पैसे का कोई बहाना नहीं चलता है। बिल में जितना लिखा है, उतना ही दें।

बिल जरूर चेक करें

रेस्टोरेंट, ग्रोसरी स्टोर या किसी भी दुकान पर पेमेंट करने से पहले 10 सेकंड रुककर बिल जरूर पढ़ें। देखें कि कहीं कोई अनजाना चार्ज या राउंड ऑफ तो नहीं जोड़ा गया है।

डरें नहीं, आवाज उठाएं

रकम छोटी हो या बड़ी, अधिकार आपका है। अगर कोई दुकानदार या स्टाफ बदतमीजी करे या गलत चार्ज वापस करने से मना करे, तो चुप न बैठें।

आपके साथ ऐसा हो तो कहां करें शिकायत?

अगर कोई भी कंपनी, होटल या दुकानदार आपसे गलत तरीके से पैसे वसूलता है और आपकी बात नहीं सुनता, तो आप घर बैठे सरकार के नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन (National Consumer Helpline) पर शिकायत कर सकते हैं। टोल-फ्री नंबर पर 1915 पर कॉल करें। ये नंबर रोजाना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक काम करता है। इसके अलावा consumerhelpline.gov.in पर जाकर अपनी रसीद की फोटो अपलोड करके ऑनलाइन शिकायत कर सकते हैं।