राजस्थान के झुंझुनू जिले से सास के जज्बे को सलाम करने वाला मामला सामने आया है। जहां बुजुर्ग महिला अपनी बहू और पोते की जान बचाने के लिए एक पैंथर से भिड़ गई। दोनों को सलामत उसके जबड़े से बचा लाई।

झुंझुनू. राजस्थान के झुंझुनू जिले में स्थित खेतड़ी क्षेत्र का यह पूरा मामला है । मामला आज सवेरे उस समय सामने आया जब एक महिला को जिला अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टर ने जांच पड़ताल शुरू कर इलाज शुरू किया तो पता चला महिला पर पैंथर ने हमला किया है और उसका मांस कई जगह से नोच लिया है । इसकी सूचना तुरंत पुलिस और वन विभाग को भी दी गई और उसके बाद उपचार शुरू कर दिया गया। मामला खरखड़ा गांव का है।‌

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बेटे को पैंथर ने नोचा तो मां ने पकड़ लिया जबड़ा

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल रात 29 साल की सुमन अपने 2 साल के बेटे चेतन के साथ अपने खेतों के नजदीक बकरियों को चरा रही थी। इसी दौरान अंधेरे से एक पैंथर निकल कर आया तो बकरियां वहां से दौड़ गई। लेकिन सुमन और उसका बेटा चेतन वहां ज्यादा दौड़ नहीं लगा सके। पैंथर ने चेतन को खींचने की कोशिश की तो मां ने पैंथर का जबड़ा पकड़ लिया । इस पर पैंथर ने सुमन पर हमला कर दिया और कंधे और हाथों का मांस नोच लिया ।

पैंथर बहू को खींचते जंगल ले गया...तो सास जा भिड़ी

पैंथर सुमन को घसीटता हुआ जंगल की तरफ ले जाने लगा तो सुमन चीखने लगी । इसी दौरान वहीं मौजूद 65 साल की सास कमला देवी दौड़ पड़ी और पैंथर पर हमला कर दिया। उस पर पत्थर बरसाए और लाठी डंडों से उस पर हमला किया और शोर भी मचाने लगी । अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद पैंथर जंगल की ओर भाग गया , लेकिन पूरी रात स्थानीय ग्रामीण वहीं पर मौजूद रहे । आज सवेरे वन विभाग को जानकारी देने के बाद दोपहर में वहां पर पिंजरा लगाया गया है।

इंसान के खून का प्यासा है पैंथर

ग्रामीणों ने कहा अक्सर जंगल से पैंथर आते हैं और मवेशियों को उठा ले जाते हैं, लेकिन इस बार तो इंसान पर हमला किया है। ग्रामीणों को डर है कि पैंथर के मुंह इंसान का खून लग चुका है । अब वह फिर से हमला करेगा यह तय है, आसपास रहने वाले ग्रामीण भी डर के साए में जी रहे हैं।