jodhpur news : राजस्थान के जोधपुर में डीजे की आवाज से भड़की मधुमक्खियों ने शोभायात्रा पर हमला बोल दिया। करीब 100 लोग अस्पताल पहुंचे, कईयों की हालत गंभीर।

जोधपुर. खबर राजस्थान के जोधपुर जिले से है। जिले के ओसी इलाके में जैन समाज के एक धार्मिक आयोजन के दौरान मधुमक्खियां इतनी भड़क गई कि करीब 100 लोगों को अस्पताल जाना पड़ा। कल रात तक उनमें से अधिकतर को छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन 12 से 15 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है । उनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं ।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ओसिया के जैन मंदिर निकली थी शोभायात्रा

दरअसल, ओसिया इलाके में स्थित जैन मंदिर से कल सवेरे एक शोभायात्रा निकाली गई थी, जिसमें डीजे भी बजाया जा रहा था। इस दौरान जब कस्बे का चक्कर काटने के बाद शोभायात्रा वापस जैन मंदिर में पहुंची तो मंदिर से कुछ पहले मधुमक्खियां के छात्तों के नीचे से निकलने के दौरान बड़ा घटनाक्रम हुआ । डीजे की तेज आवाज से मधुमक्खियां भड़क गई और उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों पर हमला बोल दिया।

कोई मकान में घुसा कोई कार में बंद तो कोई जमीन पर लेट गया

अचानक हुए इस हमले में लोग अपना बचाव नहीं कर सके, कोई मकान में घुसा कोई कार में बंद हो गया, कोई जमीन पर लेट गया । अचानक मची भगदड़ के कारण लोग सड़कों पर गिरने से भी घायल हो गए । करीब एक घंटा तक लोग इधर-उधर दौड़ते रहे । बाद में नजदीक के अस्पतालों में लोगों को ले जाया गया , उनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल थे ।

हर तरफ मची बचाओ-बचाओ की चीख-पुकार

स्थानीय लोगों ने बताया ऐसा पहली बार हुआ है कि मधुमक्खियां ने हमला किया है । लोगों का मानना है कि डीजे की आवाज के कारण वह भड़क गई। उधर कस्बे में स्थित सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि कल रात तक अधिकतर लोगों को छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन करीब 12 से 15 लोग अभी भी भर्ती हैं । उनके शरीर पर 25 से 30 बार डंक मारे गए हैं।