राजस्थान के जोधपुर शहर से अरेस्ट हुआ बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता को जान से मारने की धमकी देने वाला। महाराष्ट्र के बांद्रा थाने में केस दर्ज होने के चलते आरोपी को राजस्थान से ले जाने आई मुंबई पुलिस।

जोधपुर (jodhpur news). राजस्थान से बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म अभिनेता सलमान खान को ईमेल कर जान से मार देने की धमकी देने के मामले में थाना लूणी पुलिस द्वारा रविवार को आरोपी धाकड़ राम विश्नोई को अरेस्ट कर लिया गया है। उसे पकड़ने के बाद मुंबई से आई पुलिस को सौंप दिया है। उसके खिलाफ मुंबई के बांद्रा में केस दर्ज कराया गया है। आरोपी लूणी थाने के सियागो की ढाणी रोहिचा कलां थाना का रहने वाला है। आरोपी को पकड़ने में लूणी थाना और मुंबई पुलिस ने साथ मिलकर कार्रवाही की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बॉलीवुड कलाकार के साथ पंजाबी सिंगर के पिता को भी दी थी धमकी

डीसीपी वेस्ट गौरव यादव ने बताया कि आरोपी धाकड़ राम विश्नोई द्वारा पंजाब के सिंगर सिद्दू मूसे वाला के पिता को भी ईमेल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पंजाब के मानसा जिले में थाना सदर पुलिस की टीम भी शुक्रवार 24 मार्च को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जोधपुर आई थी। तब आरोपी फरार चल रहा था तो वह पकड़ में नहीं आया।

आरोपी ने ऑनलाइन के जरिए दी धमकी

डीसीपी यादव ने बताया कि फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी भेजने के ईमेल पर थाना बांद्रा वृत मुंबई शहर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके साथ ही उनके घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। इस संबंध में रविवार को एएसआई बजरंग जगताप के नेतृत्व में मुंबई से टीम जोधपुर आई थी। जोधपुर कमिश्नर रविदत्त गौड़ के निर्देश पर एडीसीपी बोरानाडा जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थाना लूणी से मदद उपलब्ध कराई गई।

पहले भी अपराध में पकड़ा चुका है आरोपी

लूणी एसएचओ ईश्वर चंद्र पारीक मय टीम द्वारा आरोपी धाकड़ राम विश्नोई को डिटेन कर मुंबई पुलिस को सौंपा गया है। आरोपी को पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। 12 सितंबर 2022 को थाना सरदारपुरा पुलिस की टीम ने अवैध हथियार सहित धाकड़ राम को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि आरोपी का सलमान खान या लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से किसी भी तरह का कोई संपर्क या संबंध नहीं है। उसने सिर्फ माहौल बनाने के लिए मेल के जरिए सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी दी थी। वह बेरोजगार है और गांव में छोटे-मोटे काम करके पेट पालता है।

इसे भी पढ़े- सलमान खान को मिली धमकी ने उड़ाई सलीम खान की नींद, लेकिन बेपरवाह सुपरस्टार को नहीं पड़ रहा फर्क