खूंखार डकैत जगन गुर्जर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों को खुली चेतावनी दी है। उसने कहा है दम है तो वे राजस्थान धोलपुर आकर दिखाएं। ये वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

धोलपुर. करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों को अभी तक पुलिस नहीं पकड़ पाई है। वहीं दूसरी तरफ राजस्थान के धोलपुर निवासी एक कुख्यात डकैत जगन गुर्जर ने गोगामेड़ी के हत्यारों को खुली चेतावनी दी है। आपको बतादें कि जगन गुर्जर 11 लाख का इनामी डकैत है। जो कई बार जेल में सजा काट चुका है। उसने अब सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों को सबक सिखाने की ठानी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सुखदेव के हत्यारों को खुली चेतावनी

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली है। इस गैंग में कई गैंगस्टर हैं। जिनका काम ही शार्प शूटरोंं से मर्डर करवाना है। जिसमें एक नाम रोहित गोदारा भी है। जिसने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड की रूपरेखा तैयार की थी। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या शार्प शूटर रोहित राठौर और नितिन फौजी ने की है। ​जो हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से फरार है। पुलिस ने इन दोनों शूटरों को पकड़ने के लिए 5.5 लाख का इनाम भी घोषित किया है। इन हत्यारों को जहां अभी तक पुलिस नहीं पकड़ पाई है। वहीं कुख्यात डकैत जगन गुर्जन ने उन्हें खुली चेतावनी दे डाली है।

जगन गुर्जर बोला मैं राजपूत समाज के साथ हूं

राजस्थान निवासी डकैत जगन गुर्जर का नाम अब एक बार फिर से चर्चा में है। चंबल के बीहड़ों में छुपकर पुलिस को चुनौती देने वाला 11 लाख रुपए का इनामी डकैत जगन गुर्जर ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उसने सुखदेव सिंह के हत्यारों को चुनौती दी है। कहा है कि मैं राजपूत समाज के साथ हूं। भाई सुखदेव ने मेरी जान बचाई थी, गहलोत सरकार मुझे जान से मारना चाहती थी, लेकिन सुखदेव ने मुझे बचाया था। वो मेरे बड़े भाई थे। उनकी इस तरह से हत्या राजपूत समाज ही नहीं सर्व समाज के लिए नुकसान साबित होगी। डकैत जगन गुर्जर ने कहा कि मैं उन गुंडों को चुनौती देता हूं अगर दम है तो राजस्थान के धौलपुर जिले में आकर दिखाएं.... मैं यही हूं। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

वसंधरा राजे के बंगले सहित उड़ाने की धमकी

दरअसल धौलपुर जिले का रहने वाला डकैत गुर्जर इतना खूंखार डकैत है कि उसने पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को और उनके बंगले को बम से उड़ाने की धमकी दे दी थी। जिस समय वे सीएम थी। वह भी धौलपुर के महल में रह रही थी। इस धमकी से पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए थे। डकैत जगन के खिलाफ यूपी, एमपी और राजस्थान में हत्या, फिरौती, अपहरण के दर्जनों केस थे। यही कारण था कि उस पर 11 लाख रुपए का इनाम रखा गया था। साल 2022 में उसने कांग्रेस एमएलए गिर्राज मंलिगा को भी जान से मारने की धमकी दे दी थी।

बेटी की शादी में पुलिस के पहरे में आया

डकैत जगन गुर्जर जब जेल में था तो साल 2010 में उसकी बेटी की शादी में उसे भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच लाया गया था। उसने परिवार के सामने अपराध से दूर रहने की कसम खाई थी। लेकिन हर बार उसने कसम तोड़ी। साल 2001 से लेकर अब तक उसने तीन बार सरेंडर किया और अच्छा आदमी बनने की कसमें खाई लेकिन हर बार अपनी कसम तोड़ दी। उसे कुछ महीनों पहले धौलपुर पुलिस ने पकड़ा था और अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में भेज दिया था। वहां से चार महीने पहले ही उसे जामनत मिली है। अब उसने इस तरह का वीडियो जारी कर नया धमाका कर दिया है।