राजस्थान के प्रतापगढ़ में पति और उसके घर के लोगों ने महिला की पिटाई की और उसे नग्न कर घुमाया। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने आरोपी पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रतापगढ़। राजस्थान में मणिपुर की तरह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई है। यहां पति और उसके घर के लोगों ने महिला को नग्न कर गांव में घुमाया। पति इस बात से गुस्से में था कि महिला उसे छोड़कर किसी और के साथ चली गई थी।

पति को महिला के ठिकाने का पता चला तो वह परिवार के लोगों के साथ गया और उसे अगवा कर ले आया। इसके बाद महिला को नग्न कर घुमाया गया। पुलिस ने महिला के पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना प्रतापगढ़ जिले की है। यहां के धरियावद में एक महिला को ससुराल वालों ने निर्वस्त्र कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो वायरल हुआ है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया है कि पीड़िता और आरोपी दोनों ही आदिवासी समाज से हैं। वे आपस में रिश्तेदार हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई। इस मामले में आठ लोगों की पहचान की गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।

अशोक गहलोत बोले- सभ्य समाज में ऐसे लोगों के लिए जगह नहीं

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा है कि मामले में पुलिस कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर रही है। सभ्य समाज में इस तरह के लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मामला फास्टट्रैक कोर्ट में भेजकर सजा दिलाई जाएगी।

Scroll to load tweet…

जेपी नड्डा बोले राजस्थान में शासन व्यवस्था पूरी तरह से नदारद

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि राजस्थान में शासन व्यवस्था पूरी तरह से नदारद है। मुख्यमंत्री और मंत्री अपने गुटों के झगड़ों को निपटाने में व्यस्त हैं। बचा हुआ समय दिल्ली में एक राजवंश को खुश करने में खर्च हो रहा है। महिला सुरक्षा को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। राजस्थान की जनता इस सरकार को सबक सिखाएगी।

Scroll to load tweet…

वहीं, भाजपा नेता और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री जी आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि राजस्थान में बेटियों की लूटती अस्मत और चीखें आपकी कांग्रेस को सुनाई नहीं देती।

Scroll to load tweet…

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी लगातार दलितों पर बढ़ते अत्याचारों के मामले को लेकर कांग्रेस सरकार को घेर रही है। ऐसे में चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा मुद्दा मिल चुका है।