राजस्थान के राजसमंद जिले में छुपाछुपी खेलते हुए दो बच्चियां आइसक्रीम के फ्रीजर में छिप गईं। इस दौरान अचानक बाहर से कुंडी लग गई। शाम को काफी तलाशने पर फ्रीजर में दोनों की लाशें मिलीं।

राजसमंद। राजस्थान के राजसमंद जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के खमनोर इलाके में आइसक्रीम के डीप फ्रीजर में दो बच्चियों के शव मिले हैं। शव पूरी तरह से बर्फ में जमे हुए थे। दोनों बच्चियों की बर्फ में जमी लाशें देख हर कोई सिहर उठा था। दोनों बच्चियों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना से मोहल्ले के लोग भी हैरान हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दरअसल खमनोर जिले के बलीचा बल्लू की भागल क्षेत्र में यह पूरा हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले कुछ लोग आइस्क्रीम बनाने और बेचने का काम करते हैं। आइस्क्रीम रखने के लिए बड़ा डीप फ्रीजर भी उनके पास रहता है। हालांकि ठंड का मौसम आ गया है लेकिन फिर भी अभी तक आइसक्रीम बेचने का काम चल रहा था।

छुपाछुपी खेलते हुए डीप फ्रीजर में घुसे बच्चे
गुरुवार दोपहर में पास में ही रहने वाले कुछ बच्चे छुपा-छुपी खेल रहे थे। इस दौरान 11 साल की बच्ची पायल और दस साल की बच्ची रितिका को छुपने की जगह नहीं मिली तो दोनो घर के नजदीक ही स्थित आइसक्रीम के डीप फ्रीजर में घुस गईं। इस दौरान अपने आप ही बाहर से फ्रीजर का लॉक लग गया। फ्रीजर अलग रखा था तो किसी को बच्चियों की आवाज भी सुनाई नहीं दी।

मुंबई से लौट रहे दोनों बच्चियों के पिता
परिवार के लोग दोनों को तलाश करते रहे लेकिन देर शाम उनका कुछ पता नहीं चल सका। लोगों को शक होने पर जब डीप फ्रीज खोला गया तो उसमें दोनों बच्चियों के शव बरामद हुए। फ्रीजर में दम घुटने के कारण दोनों की मौत हो गई थी। दोनों बहनों के पिता मुंबई में काम करते हैं। दोनों चचेरी बहनें हैं। शुक्रवार को वे राजसमंद लौट रहे हैं। उनके आने के बाद ही दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाएगा।