बाराबंकी में कचौड़ी की सब्जी में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। ग्राहक की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान पर अवैध घरेलू सिलेंडर उपयोग भी मिला। शहर में खाद्य स्वच्छता पर सवाल उठे, जांच की मांग तेज।

बाराबंकी के दिल में बना पुलिस लाइन चौराहा हमेशा रौनक से भरा रहता है। आवाज़ें, गहमागहमी और ग्राहकों की भीड़, सब कुछ रोज जैसा ही था। लेकिन शनिवार दोपहर एक ऐसा सच सामने आया जिसने लोगों को भीतर तक हिला दिया। एक थैली में पैक होकर घर पहुंची कचौड़ी की सब्जी, एक परिवार के लिए ज़ायका नहीं बल्कि ज़हर साबित हो सकती थी। और उसी सब्जी ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कचौड़ी की सब्जी में निकली छिपकली

नगर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस लाइन चौराहा के पास मशहूर दुकान ‘गुप्ता जी की स्वादिष्ट कचौड़ियां’ पर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। शनिवार को एक ग्राहक ने यहां से कचौड़ी और सब्जी पैक कराई और घर पहुंचकर जैसे ही सब्जी का पत्तल खोला, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सब्जी में एक मरी हुई छिपकली पड़ी थी।

ग्राहक का कहना है कि अगर यह सब्जी परिवार का कोई सदस्य खा लेता, तो हादसा जानलेवा हो सकता था। घबराया हुआ ग्राहक तुरंत पैकेट लेकर दुकान पर पहुंचा।

यह भी पढ़ें: UP Diesel Auto Ban: अचानक से बंद क्यों किए गए डीजल ऑटो? जानें सरकार की पूरी प्लानिंग

दुकानदार का चौंकाने वाला रवैया

जब ग्राहक ने दुकानदार को पूरी घटना बताई तो उम्मीद थी कि वह कम से कम माफी मांगेगा या जिम्मेदारी लेगा।लेकिन दुकानदार ने बेहद लापरवाही से कहा “इसे फेंक दो, दूसरी ले लो।” इस रवैये से नाराज होकर ग्राहक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर, दुकानदार ने बंद करनी चाही दुकान

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बयान लिए। इस बीच दुकानदार तेजी से सामान समेटकर दुकान बंद करने की कोशिश करने लगा। तभी मीडिया भी मौके पर पहुंची और एक बड़ा खुलासा हुआ।

दुकान पर अवैध सिलेंडर का इस्तेमाल

जांच में पाया गया कि दुकान पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग हो रहा था, जो पूरी तरह अवैध है।ऐसा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आसपास के लोगों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है।

स्वच्छता को लेकर शहर में बढ़ी चिंता

इस घटना के बाद शहर के निवासियों में गुस्सा और भय दोनों दिखाई दे रहा है। लोग कह रहे हैं कि अगर समय रहते यह लापरवाही सामने न आती, तो किसी की जान जा सकती थी। स्थानीय लोगों ने खाद्य एवं औषधि विभाग से मांग की है कि-

  • सभी फूड दुकानों की कड़ी जांच की जाए
  • स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए
  • अवैध सिलेंडर और असुरक्षित किचन पर तुरंत कार्रवाई हो

अब नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें: आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेस-वे: 35 मिनट में पहुंचेंगे आगरा, लेकिन कब खुलेगा रास्ता? जानें पूरी सच्चाई