मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार में तीन रैलियों में कांग्रेस, राजद और ए माले पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाएगा। योगी ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और विकास को लेकर जनता से समर्थन मांगा।

पूर्वी चंपारण/गयाजी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बिहार के रण में लगातार तीन जनसभाएं कीं। उन्होंने मोतिहारी, पिपरा और अतरी में भाजपा व एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे। पिपरा की रैली में योगी ने भीड़ में खड़ी एक उत्साहित बच्ची को मंच पर बुलाकर उसकी बनाई हुई तस्वीर देखी और उसे प्रोत्साहित किया। इस दौरान लोगों ने सीएम की सहजता की खूब सराहना की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

NDA का सुशासन ही बिहार के विकास की राह: सीएम योगी

पहली रैली में सीएम योगी ने कहा कि पहले चरण के मतदान ने साफ संकेत दे दिया है कि बिहार अब लालटेन की नहीं, एनडीए की एलईडी लाइट की रोशनी चाहता है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी, तो जनता का फैसला “फिर एक बार एनडीए सरकार” होगा। CM योगी ने कहा कि “जहां सुरक्षा होती है, वहीं निवेश आता है।” उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में माफियाओं पर बुलडोजर चला कर सरकार ने अपराध पर लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि अब बिहार को भी अपराध मुक्त रखकर सुशासन की राह पर आगे बढ़ाना है। सीएम ने बताया कि अयोध्या से सीतामढ़ी तक राम-जानकी मार्ग पर 6155 करोड़ रुपये का कार्य शुरू हो गया है और गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक बनने वाला एक्सप्रेसवे मोतिहारी होकर गुजरेगा, जो आर्थिक कॉरिडोर बनेगा।

महागठबंधन प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि उनके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अपहरण जैसे 28 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा

अगर ऐसे अपराधी यूपी में होते, तो जेल से बाहर नहीं निकलते।

महागठबंधन पर प्रहार: छठ माई के विरोध तक पहुंच गया विरोध

दूसरी रैली में सीएम योगी ने राजद, कांग्रेस और ए माले पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि

कांग्रेस राम को नकारती थी, राजद ने राम मंदिर यात्रा को रोका, और समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाई। अब ये लोग छठ माई का भी विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने जनता से अपील की कि

जो लोग राम और आस्था का अपमान करते हैं, उन्हें वोट न दें।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस, राजद और ए माले अपने-अपने क्षेत्र के कुख्यात अपराधियों के संरक्षक बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस बिहार ने दुनिया को ज्ञान दिया, उसी को नक्सलवाद और माओवाद के गठबंधन ने पिछड़ा बना दिया। CM योगी ने कहा कि एनडीए की पंच गारंटी योजना (आवास, बिजली, राशन, स्वास्थ्य, पानी) से जनता को राहत मिल रही है और सरकार की नीति अपराध व नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की है।

ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान की सिट्टी-पिट्टी गुल: CM योगी

अतरी में सीएम योगी ने कहा कि

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब मजबूर नहीं, बल्कि मजबूत राष्ट्र बना है। जो देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसे यमराज का टिकट मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद और माओवाद की कमर तोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। सीएम ने कहा कि लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल जब ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में गिरी, तो उसकी सिट्टी-पिट्टी गुल हो गई थी। “आज का भारत किसी की धमकी नहीं सुनता,” उन्होंने कहा।

योगी ने कहा कि नालंदा, चाणक्य और आर्यभट्ट की धरती को कांग्रेस-राजद ने अंधकार में धकेल दिया। राजद-कांग्रेस के शासन में बिहार की साक्षरता दर सबसे नीचे चली गई थी, लेकिन एनडीए के शासन में यह अब 75% तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहे हैं, जबकि विपक्षी दल “गरीबों का राशन और पशुओं का चारा खा गए थे।”

CM योगी ने कहा-

खानदानी माफिया और अपराधियों को वोट देना बिहार के भविष्य के साथ अन्याय है। एनडीए नौजवानों को नौकरी देगा, अपराधियों को जेल भेजेगा और गरीब को सम्मान देगा।

बिहार का नौजवान मस्त और अपराधी पस्त होगा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार का युवा अब विकास चाहता है, अपराध नहीं। एनडीए सरकार के साथ बिहार का नौजवान मस्त रहेगा और अपराधी पस्त।