सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी में टाउनहाल रैनबसेरे का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शीतलहरी में ऊनी वस्त्र वितरण के लिए सभी जनपदों को धनराशि दी गई है। काशी को 11 वर्षों में 53 हजार करोड़ के विकास प्रोजेक्ट मिले हैं।

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार रात टाउनहाल स्थित रैनबसेरे का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद को ऊनी वस्त्र वितरण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि भीषण शीतलहरी में जरूरतमंदों को युद्ध स्तर पर कंबल और ऊनी वस्त्र वितरित किए जाएं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

11 वर्षों में काशी को मिले 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास प्रोजेक्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उनकी संसदीय सीट काशी के लिए पिछले 11 वर्षों में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें से दो तिहाई से अधिक परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष पर कार्य तेजी से जारी है।

बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन का सौभाग्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि अविनाशी काशी में शनिवार को एक बार फिर बाबा विश्वनाथ और काशी कोतवाल बाबा काल भैरव के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस दौरान उन्होंने काशी में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा और स्थल निरीक्षण भी किया।

भीषण शीतलहरी में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि काशी जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा भीषण शीतलहरी को देखते हुए गरीबों, जरूरतमंदों और यात्रियों के लिए रैनबसेरे, कंबल वितरण और ऊनी वस्त्र वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई है। टाउनहाल में अस्थायी रैनबसेरा भी बनाया गया है, जहां देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु ठहरे हुए हैं।

काशी शहर में 28 से अधिक रैनबसेरे दे रहे हजारों लोगों को सहारा

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम स्तर पर काशी शहर के भीतर 28 से अधिक स्थायी रैनबसेरे संचालित किए जा रहे हैं। इन रैनबसेरों के माध्यम से हजारों बेसहारा, गरीब और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कंबल वितरण कार्यक्रम में उन्हें स्वयं भी शामिल होने का अवसर मिला, जो संतोष का विषय है।