मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बिहार से पहुंची एक महिला ने कहा कि वह सिर्फ मुख्यमंत्री के दर्शन करने आई हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोमवार को अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि सरकार जनसेवा, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है तथा हर जरूरतमंद की उचित समस्या का समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

डीएम और एसपी को दिए सीधे निगरानी के निर्देश

जनता दर्शन में आए लोगों के प्रार्थना पत्र लेने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं मामलों की निगरानी करें और शिकायतों का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनता को समय पर न्याय मिले और किसी भी पीड़ित को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

भू माफियाओं और दबंगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और जरूरतमंदों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने वाले भू माफियाओं और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई करने को कहा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और प्रशासन पर लोगों का भरोसा मजबूत बना रहे।

बिहार से आई महिला ने कहा- सिर्फ दर्शन करने आई हूं

जनता दर्शन कार्यक्रम में बिहार से आई एक महिला भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं। मुख्यमंत्री जब उनके पास पहुंचे तो उन्होंने महिला से हालचाल पूछा और आने का कारण जाना। इस पर महिला ने कहा, “महाराज जी प्रणाम, हम बिहार से आए हैं। हमें कोई परेशानी नहीं है, बस आपके दर्शन करने आए हैं।”

महिला की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन किया और कहा कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, इसलिए बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और परिवार के सभी सदस्यों का विशेष ध्यान रखें।