उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कंडक्टर ने एक यात्री को बस से नीचे फेंक दिया। यात्री की बस के पिछले पहिये के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। कंडक्टर का यात्री से टॉयलेट जाने के लिए बस रुकवाने की बात पर विवाद हुआ था। 

बरेली। यूपी के बरेली जिले में मामूली विवाद पर कंडक्टर ने चलती बस से एक युवक को नीचे फेंक दिया। बस से नीचे गिरते ही वाहन का पिछला पहिया युवक के ऊपर चढ़ गया जिससे उसकी मौत हो गई। मजदूर की मौत के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस छोड़कर मौके से भाग निकले। बस के बाकी यात्रियों और राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस कब्जे में लेने के साथ शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बरेली से राजस्थान जा रहा था यात्री परिवार के साथ
पीलीभीत जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी विजयपाल दिवाली की छुट्टी में घर आया था। वह राजस्थान में मजदूरी करता था। शुक्रवार रात को वह बरेली से राजस्थान बस से जा रहा था। विजयपाल पत्नी और भतीजे को साथ एक प्राइवेट बस से जयपुर के लिए रवाना हुआ था। देर रात जब बस बरेली पहुंची तो विजयपाल ने ड्राइवर से बस रोकने के लिए कहा। विजयपाल ने कहा कि उसे टॉयलेट जाना है। 

टॉयलेट जाने के लिए बस नहीं रोकने पर हुआ था झगड़ा
इस पर कंडक्टर ने बस रोकने से मना कर दिया। जब विजयपाल ने कहा उसे टॉयलेट जाना है जल्दी बस रोका तो कंडक्टर का उससे झगड़ा होने लगा। इस दौरान बरेली के पीलीभीत बाईपास के पास संजय नगर मोड़ पर कंडक्टर ने बस से धक्का दे दिया। बस से गिरते ही विजयपाल गाड़ी के पिछले पहिया के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।

पति का शव देख पत्नी हुई बेसुध
इस पर ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत बस रोकी औऱ विजयपाल को खून से लथपथ सड़क पर बेसुध देखकर वे भाग निकले। सड़क पर पति की लाश पड़ी देख पत्नी के होश उड़ गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची औऱ बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

पढ़ें Mirzapur Accident: तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार में मारी टक्कर, चार लोगों की मौत, शादी समारोह से लौट रहे थे घर