Lucknow Mall Firing: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित एक मॉल में देर रात गोलीबारी से हड़कंप मच गया। टॉनिक क्लब में हुए विवाद के बाद हर्ष मिश्रा ने फायरिंग की। पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार देर रात एक मॉल के अंदर हुई गोलीबारी की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। यह घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के टॉनिक क्लब में हुई, जहां मामूली विवाद के बाद झगड़ा इतना बढ़ गया कि हवाई फायरिंग तक हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

विवाद से बढ़ी मारपीट और चली गोलियां

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच क्लब के अंदर बाउंसर और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि बाहर आकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसी दौरान आरोपी हर्ष मिश्रा ने लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चला दी। घटना से मॉल में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें: LDA ने उठाया सख्त कदम, लखनऊ के खाली प्लॉट्स होंगे नीलाम, एक क्लिक में जानें सब कुछ

चार गिरफ्तार, हथियार और कार जब्त

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में हर्ष मिश्रा (23), प्रिंस वर्मा (28), रोहित पटेल (30) और स्वाति (35) को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से पिस्तौल, दो मैगजीन, सात कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

Scroll to load tweet…

दो बाउंसर घायल, हालत खतरे से बाहर

मारपीट में बाउंसर पुरुषोत्तम और अनुज चौधरी घायल हो गए। उन्हें पहले गोसाईगंज स्वास्थ्य केंद्र और फिर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

कानूनी कार्रवाई जारी, राजनीति में भी गूंज

पुलिस ने बाउंसर की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्लब में पार्टी करने गए थे और विवाद के बाद फायरिंग हुई।

इस घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अगर राजधानी में गोलियां चल रही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।”

यह भी पढ़ें: 'वोकल फॉर लोकल' को मिलेगा बढ़ावा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश