Lucknow News: लखनऊ नगर निगम ने सफाई को लेकर सख्त रुख अपनाया है। खुले में कचरा फेंकने पर तुरंत चालान कटेगा। दुकानदारों, रेस्टोरेंट और आम जनता सभी को नियमों का पालन करना होगा।

Lucknow Municipal Corporation cleanliness drive: राजधानी लखनऊ में अब साफ-सफाई को लेकर नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर में खुले में कचरा फेंकने वालों की अब खैर नहीं। चाहे वह घर हो, दुकान, रेस्टोरेंट या कोई भी सार्वजनिक स्थल, अगर कोई व्यक्ति या संस्था गंदगी फैलाते हुए पकड़ी गई, तो मौके पर ही चालान काटा जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह सख्त कदम नगर आयुक्त गौरव कुमार के हालिया निरीक्षण के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कई इलाकों में फैली गंदगी पर नाराजगी जताई थी।

सख्त निर्देश: तय जगह और समय पर ही फेंकें कचरा

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने नया आदेश जारी करते हुए कहा है कि अब कचरा केवल तय स्थानों और समय पर ही फेंका जा सकता है।

सड़कों, नालों, सार्वजनिक स्थानों और खाली जमीनों पर कचरा डालना अब सख्त वर्जित कर दिया गया है। ऐसा करते हुए कोई पकड़ा गया तो तत्काल चालान किया जाएगा और मामला जिला अदालत को भेजा जाएगा, जहां जुर्माना या अन्य दंड तय किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: UP Panchayat Election 2026: 15 जनवरी को आएगी अंतिम मतदाता सूची, जानिए पूरा शेड्यूल

खाने के स्टॉल और दुकानों को मिली चेतावनी

खुले में खाना बेचने वाले स्टॉल और दुकानदारों को साफ-सफाई को लेकर सतर्क किया गया है।

  • उनके स्टॉल के आसपास गंदगी, बचा हुआ खाना या प्लास्टिक मिलते ही कार्रवाई होगी।
  • निर्माण सामग्री, प्लास्टिक या अन्य ठोस कचरे को भी सार्वजनिक स्थानों पर डंप करने पर सख्त मनाही है।

नगर निगम ने साफ किया है कि ठोस कचरा केवल अधिकृत केंद्रों पर ही डाला जा सकता है।

बिना अनुमति पोस्टर या दीवार लेखन पर भी लगेगा जुर्माना

शहर की सुंदरता बिगाड़ने वाले अवैध पोस्टर, बैनर और दीवारों पर लिखाई पर भी अब शिकंजा कसा जाएगा। बिना अनुमति दीवारों पर कुछ भी लिखने या पोस्टर चिपकाने पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

सफाई अभियान में तेजी, शिकायतों पर होगी तुरंत कार्रवाई

नगर निगम की योजना के अनुसार:

  1. जोनल अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को नियमित निरीक्षण करने और शिकायतों पर तुरंत एक्शन लेने का आदेश दिया गया है।
  2. जल्द ही सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और शिकायत प्रणाली को और सशक्त बनाया जाएगा।
  3. साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान भी शुरू किया जाएगा ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

लखनऊ नगर निगम का यह निर्णय साफ-सफाई को लेकर एक बड़ा और जरूरी कदम है। प्रशासन का इरादा स्पष्ट है,शहर को गंदगी से मुक्त करना और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना। अब वक्त है कि हर लखनऊवासी अपनी जिम्मेदारी निभाए, वरना चालान और जुर्माने का सामना तय है।

यह भी पढ़ें: UP Monsoon Update: 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 48 जिलों में गिरेगी बिजली!