उत्तरप्रदेश के लखनऊ में एक पति ने सरे बाजार अपनी पत्नी पर महज 11 सैकेंड में 19 वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां वह जिदंगी और मौत की जंग लड़ रही है।

लखनऊ. एक सिरफिरे पति ने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला बोल दिया है। जिससे पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। पत्नी का सिर्फ इतना कसूर था कि उसने अपने पति को शराब के लिए पैसे नहीं दिए थे। इस कारण वह जल्लाद बन गया और सरे बाजार ही अपनी पत्नी पर महज 11 सैकेंड में 19 वार कर जान से मारने की कोशिश की। घायल अवस्था में लोगों ने महिला को ट्रामा सेंटर में एडमिट किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

मामला लखनऊ के डालीगंज का बताया जा रहा है। यहां एक शराबी पति को जब पत्नी ने पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो वह सनक गया और उसने अपनी ही पत्नी पर कैंची से ताबड़तोड़ कई वार कर दिये। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें साफ पता चल रहा है कि महज 11 सैकेंड के अंदर ही पति ने अपनी पत्नी को बेरहमी से कैंची से मारा है।

बेटे ने बताई पिता की काली करतूत

आरोपी ब्रजमोहन के बेटे राहुल ने इस मामले में पूरी जानकारी देते हुए बताया कि उसके पिता शराब पीने के आदि हैं। वे खुद कोई काम धंधा नहीं करते हैं। उन्होंने उसकी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। लेकिन मां ने नहीं दिए तो उन्होंने जब मां सब्जी लेने बाजार गई थी, तभी पीछे से जाकर कैंची से वार कर दिया। जिससे उनके गले, सीने और हाथ पर खून ही खून हो गया था। लोग जब दौड़कर मां को बचाने के लिए भागे तब वे भाग गए।

कई बार कर चुके शिकायत

बेटे राहुल ने बताया कि उनके पिता आए दिन इसी प्रकार की हरकत करते हैं। जिससे पूरा घर परेशान है। इस बारे में उन्होंने कई बार थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि ये लोग पहले आए थे, लेकिन आपस में समझौता हो गया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।