Pt Deendayal Upadhyaya Jayanti 2025: उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पर्व ‘स्वच्छ उत्सव’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान 15 लाख पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक विरोधी मुहिम और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

यूपी का वन विभाग इस बार सेवा पर्व को और खास बनाने जा रहा है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस पर्व को विभाग ‘स्वच्छ उत्सव’ के रूप में मनाएगा। इस दौरान पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और जल संरक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सेवा पर्व में होगा स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान

वन विभाग के मुताबिक इस अवधि में पक्षी अभयारण्यों की सफाई, खर-पतवार हटाने, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। अभियान की मॉनिटरिंग के लिए शासन स्तर पर सचिव पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन सुशांत शर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं विभागीय स्तर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (परियोजना) रामकुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें: मिशन रोजगार: नव चयनित 2425 मुख्य सेविकाओं को जिलों का आवंटन, तैनाती प्रक्रिया शुरू

पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर पौधरोपण

25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हर जनपद में पौधरोपण कार्यक्रम होगा। इस मौके पर आमजन, स्कूल, संस्थाएं, एनजीओ, उद्योगपति और ग्राम पंचायत सदस्य भी जुड़ेंगे। वन विभाग की सहयोगी संस्थाएं बाघ मित्र, सारस मित्र और वेटलैंड मित्र भी इस अभियान का हिस्सा होंगी।

15 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

पौधरोपण महाभियान-2025 के मिशन निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि सेवा पर्व के दौरान प्रदेशभर में 15 लाख पौधे रोपे जाएंगे। केवल नगर वनों में ही न्यूनतम 100 पौधरोपण सुनिश्चित किया जाएगा। जिलों में स्थल चयन जिलाधिकारी और नगर विकास विभाग के परामर्श से होगा। प्राथमिकता नगरीय क्षेत्र, नदी किनारे और तालाबों के आस-पास दी जाएगी।

जनप्रतिनिधि और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे शामिल

कार्यक्रमों में महापौर, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। साथ ही नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नवाचार भी सेवा पर्व का हिस्सा होंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।

यह भी पढ़ें: प्रयागराज फाफामऊ ब्रिज: ज्वाइंटर मरम्मत युद्ध स्तर पर, 25 सितंबर तक काम पूरा