Rajnath Singh On Indian Drone Technology: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गौतमबुद्धनगर में देश की सबसे बड़ी एयरो इंजन टेस्ट बेड का उद्घाटन कर भारतीय ड्रोन को आत्मनिर्भर बनाने और रक्षा क्षेत्र में नवाचार व स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाए।

Rajnath Singh Speech: भारत ने रक्षा और तकनीक के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित कर दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को गौतमबुद्धनगर में रेफी एम फाइबर प्रा. लि. द्वारा निर्मित देश की सबसे बड़ी एयरो इंजन टेस्ट बेड का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब भारतीय ड्रोन को न अमेरिका और न चीन कोई डिटेक्ट कर सकेगा, जो देश की सुरक्षा में अभूतपूर्व उपलब्धि है।

युवा बना रहे रक्षा क्षेत्र में नई दिशा

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज के युवा केवल एक कंपनी नहीं बना रहे, बल्कि रक्षा क्षेत्र में नई सोच और दिशा गढ़ रहे हैं। उन्होंने संस्थान के संस्थापकों विशाल मिश्र और विवेक मिश्रा की उपलब्धि को भारत की नई तकनीकी क्रांति का प्रतीक बताया।

यह भी पढ़ें: Lucknow में Couples के लिए 10 जगहें जो आपकी डेट को यादगार बना देंगी!

रक्षा मंत्री ने कहा कि बदलती युद्ध रणनीतियों में ड्रोन का प्रयोग अनिवार्य हो गया है। रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि ड्रोन अब भारत की रक्षा नीति का अहम हिस्सा हैं और इन्हें अब देश में खुद डिजाइन और निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने हमेशा दबावों के आगे हार नहीं मानी और आत्मनिर्भरता ही देश की रक्षा और स्वाभिमान का आधार है।

भारत को तकनीक और नवाचार में आगे रहना होगा

भौतिकी के शिक्षक रहे राजनाथ सिंह ने युवाओं की उपलब्धियों को वैज्ञानिक क्रांति बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में टेक्नोलॉजी हैव और टेक्नोलॉजी हैव नॉट देशों के बीच खाई बढ़ रही है और भारत को तकनीक और नवाचार में आगे रहना होगा। रेफी एम फाइबर स्टार्टअप की शुरुआत 2017 में 10 लोगों से हुई थी, जो अब 600 से अधिक वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के साथ काम कर रहा है। इसके प्रयासों से उत्तर प्रदेश में 5000 से अधिक रोजगार सृजित होंगे।

ऑपरेशन सिंदूर में सफलता

राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सेनाओं ने 22 मिनट में दुश्मन का काम तमाम कर दिया। यह अभियान न केवल सैनिकों की वीरता बल्कि आत्मनिर्भर भारत के वैज्ञानिकों और युवाओं की इनोवेशन की कहानी भी है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में इंडस्ट्री लगाना मुश्किल था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और लॉ एंड ऑर्डर में उदाहरण स्थापित किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि नोएडा और उत्तर प्रदेश भारत की तकनीकी प्रगति में मजबूत भूमिका निभाएंगे।

रक्षा क्षेत्र में स्टार्टअप्स को अवसर

राजनाथ सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने रक्षा क्षेत्र में स्टार्टअप और इनोवेटर्स को प्रोत्साहित करने के लिए टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट फंड, नेशनल रिसर्च फाउंडेशन और IDEX जैसी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल एक कंपनी की उपलब्धि नहीं, बल्कि नए भारत की पहचान है।

यह भी पढ़ें: सिर्फ आज नहीं, यूपी सरकार की यह योजना बदल सकती है पूरी पीढ़ी की तकदीर!