यूपी के सहारनपुर में एक महिला ने 5 बेटियों के बाद एक बेटे को जन्म दिया था। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन दूसरे दिन नवजात अस्पताल से चोरी हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश). सोचिए किसी परिवार में पांच बेटियों के बाद अगर एक बेटा पैदा हो तो उस घर के लोगों की खुशियां सातवे आसमान पर होती हैं। यूपी के सहारनपुर में रहने वाले एक परिवार में भी ऐसा हुआ है, जहां 5 लड़कियों के बाद एक लड़के ने जन्म लिया था, पति-पत्नी और दादा-दादी बेहद खुश थे, जश्न मनाने की तैयारी थी। लेकिन इसी बीच अस्पताल से नवजात बच्चा चोरी हो गया। देखते ही देखते पलभर की यह खुशी मातम में बदल गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

परिजनों को पता चला तो उनके होश उड़ गए

दरअसल, हैरान कर देने वाला यह मामला सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल का है। जहां 2 दिन पहले बेहट क्षेत्र की रहने वाली शहरीन नाम की महिला ने एक बेटे को जन्म दिया था। लेकिन बुधवार सुबह 8 बजे उसी नवजात को कोई चोरी कर ले गया। जब परिजनों को इसके बारे में पता चला तो उनके होश उड़ गए। खासकर महिला तो बच्चे को याद करते हुए बुरी तरह बिलख रही थी।

सीसीटीवी में महिला बच्चा ले जाती दिखी

वहीं बच्चा चोरी होने की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। जब पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी खंगाले तो इसमें एक महिला बच्चे को लेकर अस्पताल से जाती दिख रही है। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। अस्पताल की सीएमओ डॉक्टर इंदिरा सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में एक महिला बच्चे को ले जाती हुई दिख रही है। पुलिस को उसके बार में खबर कर दी है। उस महिला की तलाश की जा रही है।

महिला ने ऐसे प्लानिंग के तहत चुराया बच्चा

वहीं इस मामले में नवजात को जन्म देने वाली महिला शहरीन ने बताया कि एक महिला कल से ही अस्पताल में घूम रही थी। उस महिला ने मुझसे बात भी की थी। लेकिन मुझे नहीं पता था कि वह मेरे बच्चे को चोरी करने की योजना बना रही है। शहरीन ने कहा कि सुबह 4 बजे तक वो जाग रही थी, उसका नवजात और जेठ का बेटा पलंग पर सो रहे थे। लेकिन इसी बीच मेरी आंख लग गई। बस इसी दौरान महिला ने बच्चे को चुरा लिया।