यूपी के गाजियाबाद में स्कूल का टाइम टेबल गर्मी को देखते हुए बदला गया है। इससे पहले लखनऊ के लिए भी आदेश जारी किया गया था। बढ़ती गर्मी और बच्चों को होने वाली समस्याओं के मद्देनजर यह फैसला लिया गया।

गाजियाबाद: भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। गाजियाबाद में लगातार बढ़ते तापमान को लेकर समय सारणी में यह परिवर्तन सामने आया। बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय की ओर से इसको लेकर आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में बताया गया कि अब स्कूलों का संचालन सुबह साढ़े सात बजे से लेकर दोपहर साढ़े बारह बजे तक ही किया जाएगा। इस निर्णय को लेकर डीएम गाजियाबाद को भी अवगत करवाया गया है। बताया गया कि भीषण गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे पहले लखनऊ में भी विद्यालय का समय बदला गया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आदेश का कड़ाई से अनुपालन करवाने का निर्देश

बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार सिंह की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। आदेश में बताया गया कि डीएम गाजियाबाद की अनुमति से स्कूलों के समय में यह बदलाव किया गया है। धूप और लू के चलते बच्चों को परेशानी हो रही थी। बेसिक शिक्षा परिषद के तहत संचालित प्राथमिक स्कूल, हायर प्राइमरी स्कूल, जूनियर हाई स्कूल, प्राइवेट स्कूल सभी को यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया गया है। इसी के साथ जिला स्कूल इंस्पेक्टर, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारियों को इस आदेश का अनुपालन कड़ाई से कराने के लिए कहा गया है।

लखनऊ के विद्यालयों का भी बदला गया समय

आपको बता दें कि यूपी की राजधानी लखनऊ में भी स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर बुधवार को आदेश जारी किया गया था। जारी आदेश में बताया गया था कि नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय का संचालन सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक किया जाए। इसी के साथ कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालय का संचालन सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक किया जाए। यह आदेश जिलाधिकारी लखनऊ की ओर से जारी किया गया था। 

यूपी पुलिस के लिए सिरदर्द बनी 'माफियाओं की पत्नियां' खुफिया तंत्र हो रहे फेल और सर्विलांस टीम भी खाली हाथ