होमगार्ड्स के 63वें स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने परेड की सलामी ली और जवानों की सेवा, अनुशासन व त्याग की सराहना की। भत्तों में बढ़ोतरी, कैशलेस स्वास्थ्य योजना, नए भवनों और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की घोषणा की। कई अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के 63वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भव्य रैतिक परेड की सलामी ली। उन्होंने जवानों की निष्ठा, त्याग और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित ही होमगार्ड्स की पहचान है। सीएम ने होमगार्ड्स के मेडल प्राप्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

उन्होंने घोषणा की कि हर थाने में अब होमगार्ड जवानों के लिए एक कमरा आरक्षित होगा, जहां वे अपनी यूनिफॉर्म और जरूरी कागजात सुरक्षित रख सकेंगे। साथ ही उन्होंने विभाग से कहा कि आयुष्मान भारत की तर्ज पर जवानों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रस्ताव भेजें, सरकार इसे आगे बढ़ाएगी।

होमगार्ड स्थापना दिवस- अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक

सीएम योगी ने कहा कि स्थापना दिवस सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि होमगार्ड्स के समर्पण और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जवानों ने अत्यंत उच्च स्तर की परेड प्रस्तुत की, जो विभाग के अनुशासन, क्षमता और मेहनत को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जवानों की वेशभूषा, परिसर की साज-सज्जा और हरियाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह किसी भी संगठन के लिए प्रेरणादायक है।

भारतीयता ही हमारी पहचान- सीएम योगी

स्थापना दिवस के मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यह दिन बाबा साहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संदेश स्पष्ट है- हमारी पहचान जाति, क्षेत्र या भाषा नहीं, बल्कि जन्म से लेकर अंतिम यात्रा तक सिर्फ भारतीयता होनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी यूनिफॉर्म पहनने वालों के सम्मान की भावना हर नागरिक में विकसित करने की बात कही है।

उत्तर प्रदेश पुलिस का संबल है होमगार्ड संगठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 दिसंबर 1963 से होमगार्ड संगठन सुरक्षा कवच की तरह यूपी पुलिस का मजबूत सहायक रहा है। वर्ष 2024 में 3 जवानों को विशिष्ट सेवा, 11 को सराहनीय सेवा और 2025 में 3 जवानों को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक मिले हैं। भारत सरकार ने 38 कमेंडेशन डिस्क भी यूपी के जवानों को दिए। उन्होंने कहा कि पहले होमगार्ड्स को उपेक्षित किया जाता था, लेकिन अब सरकार उनके सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

कानून-व्यवस्था से लेकर आपदा प्रबंधन तक व्यापक भूमिका

सीएम ने बताया कि होमगार्ड अब सिर्फ पुलिस की सहायता तक सीमित नहीं है। इसकी जिम्मेदारियाँ बढ़कर कई क्षेत्रों में फैल गई हैं-

  • कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण
  • डायल 112
  • चुनाव में प्रदेश और अन्य राज्यों में तैनाती
  • जेल सुरक्षा
  • महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों में योगदान
  • आपदा नियंत्रण और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा

उन्होंने कहा कि विभाग ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ मिलकर 4,000 से अधिक युवाओं को आपदा मित्र प्रशिक्षण दिया है।

होमगार्ड मित्र ऐप- डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि विभाग अपनी वेबसाइट और होमगार्ड मित्र ऐप के माध्यम से डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था लागू कर रहा है। इससे उपस्थिति, ड्यूटी भत्ता, यूनिफॉर्म भत्ता और भुगतान की जानकारी आसानी से मिल रही है।

होमगार्ड्स का सामाजिक योगदान और कोविड काल की भूमिका

सीएम योगी ने बताया कि होमगार्ड्स ने पर्व-त्योहारों, योग दिवस, अमृत महोत्सव, तिरंगा मार्च, पर्यावरण व जल संरक्षण जैसे अभियानों में अहम भूमिका निभाई है। कोविड काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब अन्य राज्यों में फंसे मजदूरों को वापस लाना चुनौती थी, तब हर बस में होमगार्ड जवान तैनात किए गए। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लाखों लोगों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुँचाया।

सरकार ने घोषणा की थी कि बलिदान होने पर जवान के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। अब तक 2871 दिवंगत जवानों के परिजनों को 143 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।

भत्तों में बढ़ोतरी और नए भवनों का निर्माण

सीएम योगी ने बताया-

  • दैनिक और प्रशिक्षण भत्तों में बढ़ोतरी की गई है।
  • अंतर-जनपदीय भत्ता चार गुना किया गया है।
  • 44 कार्यालय अपनी इमारतों में संचालित हैं।
  • 9 नए कार्यालय भवन और मुख्यालय में बहुमंजिला आवास निर्माणाधीन हैं।
  • दुर्घटना में दिवंगत जवानों के परिवार को 35–40 लाख रुपये तक बीमा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

नए जवानों की भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है

सरकार जवानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

  • पुलिस बल में 2.19 लाख से अधिक भर्तियाँ पूरी
  • 45 हजार होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर
  • प्रयास कि अधिकतर जवानों को उनके ही जनपद में नियुक्ति मिले

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण लेकर जवान आपदा राहत में फर्स्ट रिस्पांसकर्ता बन सकें, इसके लिए पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड तेजी से काम कर रहा है।

स्थापना दिवस पर सम्मानित अधिकारी

विशिष्ट सेवा

  • विनय कुमार मिश्र: डिप्टी कमांडेंट जनरल
  • घनश्याम चतुर्वेदी: मंडलीय कमांडेंट, आगरा
  • विनोद कुमार यादव: कनिष्ठ प्रशिक्षक, लखनऊ

सराहनीय सेवा

विवेक कुमार सिंह, पीयूष कांत, राजकुमार आज़ाद, संजय कुमार सिंह, वेदपाल सिंह चपराना, शिव कुमार वर्मा, कमलेश चंद गौतम, विजय विक्रम वर्मा, मो. अरशद हुसैन, कृपाल सिंह, महेश प्रसाद