मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूलकिट, आयुष्मान कार्ड और आवास की चाबियां वितरित कीं। साथ ही कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, टूलकिट और आवास की चाबियां वितरित कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। कार्यक्रम स्थल पर लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत वितरित हुई टूलकिट

मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की ओडीओपी योजना के अंतर्गत अंगद को टूलकिट प्रदान की। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सीमा कन्नौजिया को भी टूलकिट वितरित की गई। पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत राजकुमार कुशवाहा को ₹30 लाख का चेक दिया गया। इसके अलावा ग्राम प्रधान पंचायत कल्याण कोष योजना के तहत बिजना देवी को ₹10 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

किसानों और युवाओं को भी मिला लाभ

कार्यक्रम में एपीओ कंचन मौर्या फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र कुमार को कृषि यंत्र वितरण के लिए अनुदान राशि का चेक सौंपा गया। वहीं द्वारिका को कृषि यंत्र योजना के तहत ट्रैक्टर की चाबी दी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत प्रतिभा जायसवाल को ₹5 लाख की परियोजना लागत का चेक प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री आवास योजना और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अवतारी देवी को आवास की चाबी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विनोद को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत उर्मिला देवी को ₹5 लाख की सहायता राशि का चेक दिया गया।

महराजगंज में इन विकास परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

जल जीवन मिशन और बिजली परियोजनाओं को मिली नई गति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली 5 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा बृजमनगंज में 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर स्थापना कार्य का भी लोकार्पण किया गया।

विद्यालयों और पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

7 राजकीय विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय और शौचालय निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। फरेन्दा स्थित लेहड़ा देवी मंदिर के समेकित पर्यटन विकास कार्य का भी उद्घाटन किया गया, जिसकी लागत ₹490 लाख बताई गई।

महराजगंज में इन नई परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने नौतनवा और फरेन्दा क्षेत्र में 14 मार्गों और 3 लघु सेतुओं के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही ₹55 करोड़ की लागत से बनने वाले 21.50 किलोमीटर लंबे मदरी-महदेड्या-चकदह-शाहपुर धोतिअहवा-कजरी मार्ग निर्माण परियोजना की भी शुरुआत की गई।

मॉडल विद्यालय और सेतु निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास

नौतनवा के ग्राम मुड़िला में ₹28 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया गया। वहीं विकास खंड लक्ष्मीपुर की ग्राम पंचायत सेमरहवां में रोहिन नदी पर ₹27 करोड़ की लागत से बनने वाले सेतु निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी गई।

शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवानपुर और अमोढ़ा स्थित शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य का भी शिलान्यास किया।