मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में ₹208 करोड़ की 79 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सही वोट से विकास और सुशासन आता है, जबकि गलत वोट माफियावाद और अराजकता को बढ़ावा देता है।
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब जनता का वोट सही दिशा में जाता है, तब विकास, सुरक्षा, रोजगार और सुशासन सुनिश्चित होता है। वहीं एक गलत वोट जातिवाद, क्षेत्रवाद, परिवारवाद, माफियावाद और अराजकता जैसी समस्याओं को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इन सभी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर प्रदेश में विकास और सुशासन का नया माहौल बनाया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को महराजगंज में ₹208 करोड़ से अधिक की 79 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट भी वितरित किए।

योगी सरकार का दावा- सही जनप्रतिनिधि चुनने से बदली महराजगंज की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधियों के चुने जाने के बाद मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास को प्राथमिकता मिली। उन्होंने कहा कि पहले करोड़ों रुपये कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च किए जाते थे, जबकि अब वही धन मंदिरों में सुविधाएं बढ़ाने और जनता के हित के कार्यों में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महराजगंज में दिखाई दे रहा विकास जनता के सही वोट का परिणाम है। बनेलिया माई बैराज का निर्माण, गोरखपुर से सोनौली तक फोरलेन सड़क और अन्य बड़े विकास कार्य इसी का उदाहरण हैं।
डबल इंजन सरकार ने महराजगंज को माफियावाद और भय से बाहर निकाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले महराजगंज इंसेफेलाइटिस, खराब स्वास्थ्य सेवाओं, अराजकता, माफियावाद और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। दिमागी बुखार से बच्चों की मौत हो रही थी, सड़कें बदहाल थीं, बिजली व्यवस्था कमजोर थी और गरीबों की जमीनों पर कब्जे आम बात थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी डबल इंजन सरकार ने हालात पूरी तरह बदल दिए। अब इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण पाया जा चुका है, मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुका है और जिले के कई क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर-सोनौली फोरलेन बनने से यात्रा का समय दो घंटे से घटकर करीब 45 से 50 मिनट रह जाएगा। रोहिन नदी पर बने बनेलिया माई बैराज से सिंचाई और कनेक्टिविटी दोनों को मजबूती मिली है।
वनटांगिया गांवों को मिला सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने वनटांगिया गांवों को राजस्व गांवों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। यहां के लोगों को पट्टा, मतदाता पहचान पत्र और सरकारी योजनाओं से जोड़कर सम्मानजनक जीवन देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि हर गरीब को आवास, शौचालय, राशन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। गांवों की सड़कें मजबूत हुई हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
इंसेफेलाइटिस खत्म, उत्तर प्रदेश से ‘बीमारू’ टैग भी हटा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महराजगंज अब शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य शिक्षण संस्थानों की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि महराजगंज, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर से इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी लगभग समाप्त हो चुकी है। साथ ही उत्तर प्रदेश से ‘बीमारू राज्य’ का टैग भी हट गया है और प्रदेश अब देश के विकास इंजन के रूप में उभर रहा है।
योगी सरकार का दावा- प्रदेश में खत्म हुआ माफिया का आतंक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने गरीबों की समस्याओं को नजरअंदाज किया, जबकि वर्तमान सरकार हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अब गरीबों की जमीनों पर कब्जा नहीं हो सकता, बेटियां सुरक्षित हैं और प्रदेश में माफिया का आतंक समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि महराजगंज के सैकड़ों युवाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी मिली है और किसानों को सिंचाई, बीज, ट्रैक्टर तथा सरकारी खरीद केंद्रों का लाभ मिल रहा है।
राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदियों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि महराजगंज के हजारों लोग भी राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में काशी विश्वनाथ धाम और राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक कार्य पूरे हुए, जबकि सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां हमेशा इन कार्यों में बाधा बनती रहीं।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौतनवा, फरेंदा और सोनौली जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक रिश्ते बेहद मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि बौद्ध परिपथ और अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े क्षेत्रों का विकास सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से भी बेहद जरूरी है।
पश्चिम एशिया संकट और ईंधन बचत पर मुख्यमंत्री की अपील
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव के कारण पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। इसके बावजूद केंद्र सरकार कीमतों को नियंत्रित रखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से बिजली और ईंधन की बचत करने की अपील की और कहा कि विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव से बचते हुए “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ देशहित में सरकार का साथ देना चाहिए।
किसानों और सराफा कारोबारियों से भी की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से यूरिया का कम उपयोग कर कंपोस्ट और जैविक खाद को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महराजगंज में तैयार खाद की आपूर्ति जिले के किसानों को प्राथमिकता के आधार पर मिले और कालाबाजारी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सराफा कारोबारियों से पुराने आभूषणों की रिमॉडलिंग को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे देश की आर्थिक बचत में मदद मिलेगी।


