UP News: वाराणसी में प्रॉपर्टी डीलर महेंद्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जब वह बाइक से जा रहे थे, तभी तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर कनपटी पर गोली मार दी, फिर दो और गोलियां चलाईं जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है।
Varanasi Crime News: वाराणसी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, वह बाइक से जा रहा था, तभी तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक करके कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह बाइक से गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने दो और राउंड फायरिंग की। एक गोली डीलर की गर्दन और दूसरी बाइक पर लगी। तीनों बदमाशों ने अपने मुंह बांध रखे थे। वारदात के बाद बदमाश रिंग रोड की तरफ भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। मोहल्ले के ही रहने वाले सुनील यादव घायल महेंद्र को मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच के लिए फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटना सारनाथ थाना क्षेत्र की है। बता दें कि महेंद्र गौतमबुद्ध नगर के रहने वाले थे। उनके पिता श्यामनाथ आरटीओ थे। गुरूवार सुबह वह बाइक से महेंद्रबुद्ध नगर से अरिहंत नगर कॉलोनी जा रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा किया और उन्हें गोली मार दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। परिवार के लोग बदहवास हैं।
