उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को असम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। एयरपोर्ट पर पारंपरिक अंदाज में उनका भव्य स्वागत किया गया।
गुवाहाटी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को असम पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित नवनिर्वाचित एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही मंत्रिमंडल के नए सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमंता बिस्वा सरमा और नवगठित मंत्रिमंडल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल और जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

असम एयरपोर्ट पर पारंपरिक अंदाज में हुआ योगी आदित्यनाथ का स्वागत
असम पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एयरपोर्ट पर भव्य और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने वाद्ययंत्रों की धुन और पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में मौजूद महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री योगी का सम्मानपूर्वक स्वागत किया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने जयकारों के साथ उनका अभिवादन किया।
जनसमूह का अभिवादन स्वीकार कर सीएम योगी ने जताया आभार
एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके स्वागत के दौरान वहां उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


