AC Safety Gadgets: AC ब्लास्ट होने की मुख्य वजहें क्या होती हैं? PRCD प्लग AC को सुरक्षित रखने में कैसे मदद करता है? AC के लिए स्टेबलाइजर और MCB क्यों जरूरी हैं? 

गर्मी इन दिनों प्रचंड पर है, लोग इससे राहत पाने के लिए दिन-रात एसी चला रहे हैं। लेकिन इससे एक नया खतरा सामने आ रहा है। पिछले कुछ हफ्तों से देश के अलग-अलग हिस्सों से एसी ब्लास्ट की खबर आ रही है। एसी ब्लास्ट से एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की जान चली गई। एक इमारत में ब्लास्ट होने से आग फैल गई। इसके अलावा भी कई घटनाएं सामने आई हैं। सवाल है कि एसी क्या अचानक फटता है या फिर इसके कोई और कारण हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्यों बढ़ जाता है AC ब्लास्ट का खतरा?

भीषण गर्मी के दौरान जब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच जाता है, तो AC के कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके साथ अगर वोल्टेज में बार-बार उतार-चढ़ाव हो, तो मशीन के अंदर के पुर्जे जरूरत से ज्यादा गर्म हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में शॉर्ट सर्किट, वायरिंग खराब होना या गैस लीकेज जैसी समस्याएं गंभीर हादसे का कारण बन सकती हैं। आप इन दुर्घटना से बच सकते हैं। बस एसी के साथ आपको 3 डिवाइस लगाने की जरूरत होगी। जिसके बारे में हम यहां बताएंगे।

PRCD प्लग से मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा

PRCD (Portable Residual Current Device) प्लग एक सुरक्षा उपकरण है, जिसे AC के प्लग और सॉकेट के बीच लगाया जाता है। इसमें मौजूद सेंसर करंट लीकेज का पता लगाते ही बिजली की सप्लाई तुरंत बंद कर देता है। अगर AC के अंदर वायरिंग खराब होने या ओवरहीटिंग के कारण करंट लीकेज शुरू हो जाए, तो यह डिवाइस कुछ ही क्षणों में बिजली काट देता है। इससे बड़ी दुर्घटना होने की संभावना कम हो जाती है। अधिकांश PRCD प्लग में रीसेट बटन भी दिया जाता है, जिससे समस्या ठीक होने के बाद इसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।

स्टेबलाइजर बचाएगा कंप्रेसर को नुकसान से

गर्मियों में बिजली का वोल्टेज स्थिर नहीं रहता। कभी वोल्टेज बहुत कम हो जाता है तो कभी जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में AC के कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। स्टेबलाइजर AC को संतुलित वोल्टेज उपलब्ध कराता है, जिससे मशीन सुरक्षित तरीके से काम करती है। कई आधुनिक स्टेबलाइजर में हाई-कट और लो-कट फीचर भी होते हैं, जो अत्यधिक खराब वोल्टेज की स्थिति में AC की बिजली सप्लाई रोक देते हैं। इससे कंप्रेसर को नुकसान पहुंचने का खतरा कम हो जाता है।

इसे भी पढ़ें: Honor X7e: 7500mAh की तगड़ी बैटरी वाला फोन लॉन्च, जानें कीमत और सारे फीचर्स

साधारण स्विच की जगह लगवाएं MCB

अगर आपके AC के लिए अभी भी सामान्य इलेक्ट्रिक स्विच का इस्तेमाल हो रहा है, तो उसे अच्छी गुणवत्ता वाली MCB (Miniature Circuit Breaker) से बदलना बेहतर रहेगा। MCB भारी लोड और शॉर्ट सर्किट की स्थिति को सामान्य स्विच की तुलना में कहीं बेहतर तरीके से संभाल सकती है। किसी तकनीकी खराबी या ओवरलोड की स्थिति में यह स्वतः ट्रिप होकर बिजली सप्लाई बंद कर देती है। इससे आग लगने या अन्य गंभीर हादसों की संभावना काफी कम हो जाती है। इसके अलावा एसी की नियमित सर्विसिंग, साफ फिल्टर और सही वायरिंग भी उतनी ही जरूरी है। समय-समय पर AC की जांच करवाने से संभावित खतरों को पहले ही रोका जा सकता है।

और पढ़ें: बिजली जाते ही करेगी दिन जैसी रोशनी, देखें बेस्ट LED टॉर्च ऑप्शन, कीमत ₹10 से शुरू