15 साल बाद टिम कुक एप्पल के CEO पद से हट रहे हैं। 1 सितंबर से जॉन टर्नस नए CEO होंगे, जो अभी हार्डवेयर इंजीनियरिंग के प्रमुख हैं। कुक कंपनी में एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बने रहेंगे।

कैलिफोर्निया: अमेरिकी टेक दिग्गज एप्पल (Apple) में एक बड़े युग का अंत हो रहा है। करीब 15 साल तक कंपनी को लीड करने के बाद टिम कुक (Tim Cook) CEO का पद छोड़ रहे हैं। उनकी जगह जॉन टर्नस (John Ternus) 1 सितंबर से एप्पल के नए CEO होंगे। टर्नस फिलहाल कंपनी में हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख हैं। हालांकि, CEO का पद छोड़ने के बाद भी टिम कुक एप्पल में बने रहेंगे और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

स्टीव जॉब्स के बाद टिम कुक ने संभाली थी कमान

एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स (Steve Jobs) के बाद 2011 से टिम कुक ही कंपनी को लीड कर रहे थे। उनके 15 साल के कार्यकाल में कंपनी की मार्केट वैल्यू 20 गुना बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई। एप्पल इंटेलिजेंस (Apple Intelligence) जैसे कई नए और बड़े टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट्स टिम कुक के दौर में ही शुरू हुए।

पद छोड़ने की पुष्टि करते हुए टिम कुक ने कहा, "एप्पल का CEO बनना मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।" वहीं, बोर्ड के चेयरमैन पद से हट रहे आर्थर लेविंसन ने एक बयान में कहा, "टिम कुक की शानदार लीडरशिप ने एप्पल को दुनिया की सबसे बेहतरीन कंपनी बना दिया। उनकी ईमानदारी और सिद्धांत एप्पल के हर काम में झलकते हैं।"

टिम कुक ने 1998 में एप्पल जॉइन किया था। शुरुआत में वे चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) के तौर पर कंपनी की सप्लाई चेन संभालते थे और इसी से उन्हें पहचान मिली। जब स्टीव जॉब्स ने स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ा, तो 2011 में टिम कुक को कंपनी का CEO बनाया गया।

अब जॉन टर्नस के हाथों में एप्पल की कमान

जॉन टर्नस 2001 में प्रोडक्ट डिज़ाइन टीम के सदस्य के तौर पर एप्पल से जुड़े थे। वे अभी तक हार्डवेयर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम कर रहे थे। अपनी नई भूमिका पर टर्नस ने एक बयान में कहा, “मैं इस मौके के लिए आभारी हूं। मैंने अपना पूरा करियर एप्पल में बिताया है और मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे स्टीव जॉब्स के अंडर काम करने और टिम कुक को एक मेंटॉर के रूप में पाने का मौका मिला।”