गूगल Pixel 11 सीरीज 12 अगस्त को लॉन्च होगी। इसमें 'पिक्सल ग्लो' नामक नया नोटिफिकेशन लाइट फीचर और अपग्रेडेड Tensor G6 प्रोसेसर मिलेगा। 4 मॉडल आने की उम्मीद है और प्री-ऑर्डर लॉन्च के दिन से ही शुरू हो जाएंगे।
नई दिल्लीः गूगल अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन लाइनअप, Pixel 11 सीरीज, को 12 अगस्त को लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने पिछले हफ्ते ही Pixel 11 फैमिली के आने की पुष्टि की थी और अब अपने ऑनलाइन स्टोर के होमपेज पर एक नया टीज़र वीडियो भी जारी कर दिया है। इस वीडियो के जरिए कंपनी ने 'पिक्सल ग्लो' नाम के उस नए फीचर की भी पुष्टि कर दी है, जिसकी लंबे समय से चर्चा हो रही थी।
टीज़र वीडियो में गूगल के खास रंगों में जलती हुई एक गोलाकार LED लाइट दिख रही है। माना जा रहा है कि यह एक नोटिफिकेशन लाइट होगी। ऐसी भी खबरें हैं कि इसमें अलग-अलग ऐप्स के लिए अलग-अलग रंग सेट करने का ऑप्शन भी मिल सकता है। हालांकि, इसकी पूरी जानकारी 12 अगस्त को होने वाले लॉन्च इवेंट में ही सामने आएगी। गूगल ने यह भी बताया है कि Pixel 11 सीरीज के लिए प्री-ऑर्डर लॉन्च वाले दिन से ही शुरू हो जाएंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold नाम से चार मॉडल पेश कर सकती है।
लीक हुई जानकारी के मुताबिक, Pixel 11 Pro Fold पाइन और मिडनाइट कलर ऑप्शन में आएगा। वहीं, Pixel 11 Pro के लिए ड्यून, लाइट फॉग, पाइन और स्टर्लिंग जैसे चार रंगों का अनुमान है। डिजाइन में कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा और गूगल रेगुलर मॉडल्स में हॉरिजॉन्टल कैमरा बार को बनाए रखेगा। लेकिन Pixel 11 Pro Fold में एक अपडेटेड कैमरा आइलैंड दिया गया है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि मेन और अल्ट्रावाइड कैमरों की जगह बदली गई है, ऑटोफोकस सेंसर में भी बदलाव है और LED फ्लैश का साइज भी बढ़ाया गया है।
जहां तक स्पेसिफिकेशन्स की बात है, तो डिस्प्ले साइज के मामले में नई सीरीज पिछली जेनरेशन जैसी ही हो सकती है। Pixel 11 और Pixel 11 Pro में 6।3 इंच का OLED डिस्प्ले, जबकि Pixel 11 Pro XL में 6।8 इंच का OLED पैनल मिलने की उम्मीद है। Pixel 11 Pro Fold में 6।4 इंच की बाहरी डिस्प्ले और 8 इंच की अंदर वाली फोल्डेबल स्क्रीन हो सकती है। परफॉर्मेंस के मामले में गूगल एक बड़ा अपग्रेड करने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी मॉडल्स में TSMC की 2 नैनोमीटर टेक्नोलॉजी पर बना Tensor G6 प्रोसेसर मिलेगा। उम्मीद है कि यह नई चिप पिछली जेनरेशन के Tensor G5 के मुकाबले ज्यादा एफिशिएंट और बेहतर पावर मैनेजमेंट वाली होगी।
इसके अलावा, यह भी खबर है कि गूगल सालों से इस्तेमाल हो रहे सैमसंग के सेलुलर मोडेम को छोड़कर मीडियाटेक के नए M90 मोडेम का इस्तेमाल कर सकता है। साथ ही, ऐसी भी अटकलें हैं कि Pixel 11 सीरीज Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आएगी।