मेमोरी चिप की कमी और पार्ट्स के बढ़ते दामों के कारण भारत में स्मार्टफोन महंगे हो गए हैं। Realme, OnePlus, Poco और Lava जैसी कंपनियों ने अपने कई मॉडल्स की कीमतें बढ़ा दी हैं। इस बढ़ोतरी से कई फोन हजारों रुपये तक महंगे हो गए हैं।

नई दिल्ली: अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपकी जेब पर बोझ थोड़ा और बढ़ने वाला है। Realme, OnePlus, Poco और Lava जैसी कंपनियों ने भारत में अपने कुछ पॉपुलर स्मार्टफोन मॉडल्स की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। कंपनियों का कहना है कि दुनिया भर में मेमोरी चिप की कमी और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स के दाम बढ़ने की वजह से उन्हें यह फैसला लेना पड़ा है। इस बढ़ोतरी से मिड-रेंज सेगमेंट के कई फोन्स हजारों रुपये तक महंगे हो गए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

किन फोन मॉडल्स के दाम बढ़े?

Realme 16 सीरीज के सभी मॉडल्स की कीमतें बढ़ाई गई हैं। 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले Realme 16 की कीमत अब 33,999 रुपये हो गई है। लॉन्च के समय यह फोन 31,999 रुपये का था। वहीं, 8GB + 256GB मॉडल की कीमत 36,999 रुपये और 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 39,999 रुपये कर दी गई है।

Realme 16 Pro के बेस मॉडल (8GB + 128GB) की कीमत अब 36,999 रुपये है, जो लॉन्च के वक्त 31,999 रुपये थी। इसके 12GB + 256GB वेरिएंट का दाम बढ़कर 42,999 रुपये हो गया है।

Realme 16 Pro+ 5G की कीमतों में भी बड़ा इजाफा हुआ है। इसके 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 41,999 रुपये से बढ़कर 48,999 रुपये हो गई है। वहीं, 12GB + 256GB मॉडल अब 52,999 रुपये में मिलेगा।

OnePlus 15R के 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत अब 54,999 रुपये है, जो लॉन्च के समय 47,999 रुपये थी। इसके 512GB स्टोरेज वाले मॉडल का दाम बढ़कर 59,999 रुपये हो गया है।

इनके अलावा, Poco X8 Pro Max और Poco M8 5G जैसे मॉडल्स के दाम भी बढ़ाए गए हैं। भारतीय कंपनी Lava के Agni 4 फोन की कीमत भी 24,999 रुपये से बढ़कर 29,999 रुपये कर दी गई है।

बाजार के जानकारों का कहना है कि ग्लोबल मार्केट में DRAM और NAND जैसी मेमोरी चिप्स की कमी और मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट बढ़ने का सिलसिला जारी है। ऐसे में आने वाले महीनों में स्मार्टफोन्स की कीमतें और भी बढ़ सकती हैं।