Room Cooling Desi Jugad: बिना एसी-कूलर के हॉस्टल या पीजी का कमरा आखिर ठंडा कैसे रखा जा सकता है? 45°C-47°C वाली भीषण गर्मी में कौन से सस्ते देसी जुगाड़ कमरे का तापमान तुरंत कम कर सकते हैं? टेबल फैन हैक, क्रॉस-वेंटिलेशन वाले ट्रिक्स सच में कितने असरदार होते हैं?
Summer Room Cooling Hacks: उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का ऐसा टॉर्चर चल रहा है कि पारा 45°C से 47°C को छू रहा है। जो लोग घरों में हैं, वे तो जैसे-तैसे एसी-कूलर में वक्त काट रहे हैं, लेकिन असली आफत तो उन स्कूल-कॉलेज स्टूडेंट्स और जॉबपर्सन पर आई है, जो हॉस्टल या पीजी के छोटे-छोटे कमरों में रहते हैं। कई हॉस्टल्स में न तो कूलर और न ही एसी होता है। रात को कमरा कंक्रीट की भट्टी जैसा तपने लगता है और नींद आना नामुमकिन हो जाता है। अगर आप भी इस भीषण गर्मी में बिना एसी-कूलर के अपने कमरे में उबल रहे हैं, तो टेंशन मत लीजिए। आज हम आपको 5 ऐसे सस्ते और देसी जुगाड़ बताएंगे, जिन्हें अपनाकर आप अपने कमरे का तापमान काफी कम कर सकते हैं।

1. खिड़की और क्रॉस-वेंटिलेशन की सही टाइमिंग समझें
ज्यादातर स्टूडेंट्स गर्मी में दिनभर खिड़की खुली रखते हैं, जो सबसे बड़ी गलती है। दोपहर में बाहर की लू आपके कमरे को और ज्यादा गर्म बना देती है। सुबह 8 बजे से पहले ही अपने कमरे की खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह बंद कर दें और भारी पर्दा गिरा दें। सूरज की सीधी धूप कमरे में नहीं आनी चाहिए। शाम को 6:30 बजे के बाद जब धूप चली जाए और बाहर हल्की हवा चले, तब खिड़की खोलें। अगर आपके कमरे में दो खिड़कियां हैं या एक दरवाजा और खिड़की है, तो दोनों खोल दें ताकि 'क्रॉस वेंटिलेशन' हो और दिनभर की फंसी हुई गर्म हवा बाहर निकल सके।
2. टेबल फैन की हवा को बनाएं कूल-कूल
अगर आपके पास कूलर नहीं है और सिर्फ एक छोटा टेबल फैन या सीलिंग फैन है, तो एक हैक आपके पंखे को मिनी-एसी में बदल देगा। रात को सोने से पहले एक बड़े कटोरे या चौड़े बर्तन में ढेर सारी बर्फ के टुकड़े भर लें। अब इस बर्तन को अपने टेबल फैन के ठीक आगे थोड़ी ऊंचाई पर रख दें। जब पंखे की हवा उस बर्फ से टकराकर आपके पास आएगी, तो वह बिल्कुल ठंडी और सुहानी होगी। इससे कमरे का तापमान 2 से 3 डिग्री तक तुरंत गिर जाता है और आप आराम से सो पाएंगे।
3. फर्श और पर्दों पर पानी का छिड़काव
कंक्रीट की दीवारें और फर्श दिनभर धूप की वजह से गर्मी सोख लेते हैं और रात को उसे बाहर छोड़ते हैं, जिससे कमरा तपता है। इसलिए शाम के वक्त अपने कमरे के फर्श पर ठंडा पानी छिड़कें और उसे पोछे से साफ कर लें। इसके अलावा, खिड़की पर लगे सूती (cotton) पर्दों पर स्प्रे बोतल से थोड़ा पानी छिड़ककर उन्हें गीला कर दें। इससे जब बाहर की हवा इन गीले पर्दों से छनकर कमरे के अंदर आएगी, तो वह बिल्कुल ठंडी हो जाएगी। इसे 'इवेपोरेटिव कूलिंग' कहते हैं, जो बिना बिजली के आपके कमरे को नेचुरल तरीके से ठंडा रखती है।
4. सोने का तरीका और बिस्तर बदलें
गर्मी के दिनों में हम जिस गद्दे या बेडशीट पर सोते हैं, वह भी हमारी बॉडी हीट को सोखकर हमें ज्यादा गर्मी का अहसास कराती है। अगर आप मोटे सिंथेटिक या पॉलिएस्टर के गद्दे पर सो रहे हैं, तो उसे हटा दें। बेड पर सिर्फ 100% प्योर कॉटन (सूती) की हल्की चादर बिछाएं। अगर कमरा बहुत ज्यादा तप रहा है, तो बेड के बजाय फर्श पर चटाई या पतली सूती चादर बिछाकर सोएं। जमीन, बेड के मुकाबले काफी ठंडी होती है क्योंकि गर्म हवा हमेशा ऊपर की तरफ उठती है और ठंडी हवा नीचे रहती है।
5. खुद को अंदर से रखें कूल
कमरे को ठंडा रखने के साथ-साथ इस 45-47 डिग्री वाली गर्मी में आपकी बॉडी का हाइड्रेटेड रहना बहुत जरूरी है। महंगे कोल्ड ड्रिंक्स पीने के बजाय अपने रूम पर मटके का पानी, ORS का घोल या सत्तू का शरबत बनाकर रखें। दोपहर में बाहर निकलने से बचें और अपनी सेहत का ध्यान रखें।


