Vi ने देश का पहला 'प्रीपेड फैमिली प्लान' पेश किया है। इसमें 4 सदस्य ग्रुप बनाकर 500 MB तक डेटा शेयर कर सकते हैं। सभी अपना पुराना प्लान जारी रख सकते हैं। Vi App से रिचार्ज पर 10% छूट मिलेगी।

नई दिल्ली: देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) ने अपने प्रीपेड यूजर्स के लिए एक शानदार प्लान पेश किया है। कंपनी ने देश का पहला 'प्रीपेड फैमिली प्लान' (Prepaid Family Plan) लॉन्च किया है, जिसमें ग्राहक अपने परिवार के साथ मोबाइल डेटा शेयर कर सकते हैं। इस प्लान की खासियत यह है कि हर सदस्य अपना खुद का प्रीपेड प्लान और वैलिडिटी बनाए रख सकता है। जरूरत पड़ने पर वे एक-दूसरे को डेटा भेज सकते हैं। साथ ही, 'Vi App' से रिचार्ज करने पर 10% का डिस्काउंट भी मिलेगा।

इस प्लान के फायदों की बात करें तो मौजूदा Vi प्रीपेड ग्राहक 'Vi App' के जरिए एक फैमिली ग्रुप बना सकते हैं। हर ग्रुप में एक प्राइमरी मेंबर (Primary Member) और अधिकतम तीन सेकेंडरी मेंबर (Secondary Members) हो सकते हैं। इमरजेंसी के वक्त परिवार के सदस्य एक बार में 500 MB डेटा शेयर कर सकते हैं। हर कोई अपना पुराना प्लान और वैलिडिटी जारी रख सकता है। आप देश के किसी भी टेलीकॉम सर्कल में हों, डेटा शेयरिंग आसानी से हो जाएगी और 'Vi App' से रिचार्ज करने पर हर बार 10% की पक्की छूट मिलेगी।

अधिकतम 4 सदस्यों को मौका - अलग-अलग राज्यों में भी मिलेगी सुविधा

इस फैमिली ग्रुप में कुल चार लोग शामिल हो सकते हैं। प्रीपेड ग्राहक ऐप के जरिए अपने परिवार के सदस्यों को ग्रुप में जोड़ सकते हैं। इस प्लान का हिस्सा बनने के लिए यह जरूरी नहीं है कि सबका रिचार्ज प्लान या वैलिडिटी डेट एक जैसी हो। हर कोई अपने पर्सनल प्लान का इस्तेमाल कर सकता है। सबसे अच्छी बात यह है कि अगर परिवार के सदस्य देश के अलग-अलग शहरों या टेलीकॉम सर्कल में हैं (उदाहरण के लिए, एक कर्नाटक में है और दूसरा दिल्ली में), तब भी वे इस डेटा शेयरिंग सुविधा का आराम से इस्तेमाल कर सकते हैं।

एक बार में 500 MB डेटा ट्रांसफर

सफर करते समय, ऑनलाइन क्लास लेते वक्त, वीडियो कॉल करते हुए, मैप देखते समय या जरूरी ऐप चलाते हुए अगर अचानक डेटा खत्म हो जाए, तो आप परिवार के किसी दूसरे सदस्य से तुरंत 500 MB डेटा ट्रांसफर करवा सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि दिन या महीने में कितनी बार 500 MB डेटा शेयर किया जा सकता है और इस मिले हुए डेटा की वैलिडिटी कितनी होगी।

Vi App से रिचार्ज पर 10% की छूट

डेटा शेयरिंग के अलावा, कंपनी ने ऐलान किया है कि 'Vi App' के जरिए किए गए हर प्रीपेड रिचार्ज पर 10% का गारंटीड डिस्काउंट मिलेगा। इस बारे में बात करते हुए Vi के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) अवनीश खोसला ने कहा, "सही समय पर ग्राहकों को फ्लेक्सिबिलिटी (Flexibility) और ज्यादा डेटा देना ही प्रीपेड सेगमेंट का भविष्य है। परिवार के सदस्य देश के किसी भी कोने में हों, यह प्लान उन्हें एक-दूसरे की मदद करने में काम आएगा।" इस नए प्लान के प्रमोशन के लिए वोडाफोन आइडिया ने बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के साथ "Vi Pe Sab Hain VIP" नाम से एक बड़ा विज्ञापन अभियान भी शुरू किया है।