यूपी के आगरा में गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान का लेंटर गिर गया। इस दौरान खाना बना रही तीन महिलाएं और एक युवक मलबे के नीचे दब गए। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जिले के कासगंज में दिवाली के दिन एक ऐसी घटना घट गई कि वहां के लोगों में हड़कंप मच गया। खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर फटने से एक मकान का लेंटर भरभरा कर गिर गया। जिसके मलबे के नीचे तीन महिलाएं और एक युवक दब गए। बता दें कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीनों महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल महिलाओं को इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। यह मामला कासगंज जनपद की पटियाली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझोला का है। यहां पर सोनेलाल पुत्र हेतराम का मकान है। घटना के दौरान महिलाएं घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान सिलेंडर फट गया। धमाके की आवाज आने पर खाना बना रही पूनम का पति सुदयवीर पुत्र राम दत्त अपनी पत्नी के निकट पहुंचा ही था कि तभी अचानक भरभराकर मकान का पूरा लेंटर उनके ऊपर गिर गया। लेंटर के गिरते ही पास में रखा दूसरा गैस सिलेंडर भी फट गया। 

युवक की मौके पर हुई मौत
लगातार हुए दो धमाकों से पूरा इलाका दहल गया। मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही दरियावगंज चौकी इंचार्ज सतपाल भाटी पटियाली कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाया। इस हादसे में सुदयवीर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूनम पत्नी श्यामवीर, पूनम पत्नी सुदयवीर, गुड्डू देवी पत्नी उदयवीर गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिवाली के उल्लास के बीच हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। 

इटावा: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस और कंटेनर के बीच भीषण भिड़ंत में 4 की मौत, 42 घायल