यूपी के जिले बागपत में कलयुगी बेटे ने पिता को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने पिता के साथ-साथ अपनी दो बहनों की भी हत्या कर दी। इसकी शिकायत मृतक की पत्नी व मां ने थाने में जाकर की और पुलिस ने 18 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बागपत: उत्तर प्रदेश के जिले बागपत में रविवार की देर रात ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई थी। ट्रिपल मर्डर के आरोपी को पुलिस ने 18 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कलयुगी भाई व बेटे ने दो बहनों समेत पिता की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए ट्रिपल मर्डर का खुलासा कर दिया है। हत्या करने के बाद आरोपी खेड़ा हटाना के यमुना खादर में जाकर छिप गया था। सूचना पर इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जमीन से बेदखल करने की वजह से बेटे ने पिता की हत्या
आरोपी से पुलिस द्वारा पूछताछ में पता चला कि परिवार के साथ उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पिता ने जमीन देने से मना करते हुए उसको बेदखल कर दिया था। इसी बात से वह अपने पिता से नाराज चल रहा था। इसी कारणवश उसने सोते समय अपने पिता पर कुदाल से हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब वह पिता की हत्या कर रहा था तो बीच में दोनों बहनें आ गई। जिसके बाद आरोपी ने दोनों बहनों को भी मारकर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया।

आरोपी की मां ने थाने में जाकर की थी शिकायत
ट्रिपल मर्डर करने के बाद आरोपी कस्बा छोड़ने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने धर दबोचा। दरअसल ट्रिपल मर्डर की दिल दहला देने वाली यह घटना शहर के बड़ौत क्षेत्र में रविवार की देर रात को हुई थी यानी कहा जा सकता है कि यह घटना 15 अगस्त की सुबह हुई थी। इस दिन अमर नाम के आरोपी ने अपनी दो बहनें ज्योति और अनुराधा के साथ-साथ पिता बृजपाल की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। आरोपी की मां ने पुलिस से शिकायत करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है।

पति से झगड़ा क्या हुआ महिला ने 3 बेटियों को मौत की नींद सुला दिया, जानिए पूरा मामला