Dhirendra Shastri Ram Katha Kunda: कुंडा में बाबा बागेश्वर की रामकथा शुरू होते ही भानवी सिंह ने ट्वीट कर ससुराल आने की गुहार लगाई है। जानिए कौन हैं भानवी सिंह।

Raja Bhaiya Wife Bhanvi Singh News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह यानी 'राजा भैया' हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन इस बार चर्चा उनके महल बेंती राजभवन में हो रही बाबा बागेश्वर यानी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा और उससे ठीक पहले उनकी पत्नी भानवी सिंह के एक इमोशनल ट्वीट की हो रही है। एक तरफ मंगलवार, 17 नवंबर से कुंडा के महल में 3 दिन की भव्य रामकथा शुरू हो गई है, जिसमें बाबा रामदेव, बृजभूषण सिंह जैसे बड़े नाम और 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी तक जुट रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ, राजा भैया से अलग रह रहीं उनकी पत्नी भानवी सिंह ने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट लिखकर ससुराल आने और कथा सुनने की इच्छा जताई है। आखिर कौन हैं भानवी सिंह, जिनका ये मैसेज यूपी की सियासत और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है? आइए जानते हैं इनकी पूरी कहानी...

धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा को लेकर भानवी सिंह ने राजा भैया से क्या गुहार लगाई?

भानवी सिंह ने X (पहले ट्विटर) पर एक लंबा और इमोशनल मैसेज लिखा है। उन्होंने लिखा कि उन्हें अपने ससुराल बेंती राजभवन में बाबा बागेश्वर की रामकथा होने की खबर मिली, जिससे उनका मन श्रद्धा से भर गया है। उन्होंने राजा भैया के लिए 'मेरे हजूर' शब्द का इस्तेमाल करते हुए लिखा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे हजूर मेरी इस धार्मिक इच्छा का सम्मान करेंगे और मुझे इस पुण्य काम में शामिल होने का मौका देंगे, ताकि पूरे परिवार को इसका लाभ मिल सके।' उन्होंने बाबा बागेश्वर से भी प्रार्थना की है कि उनके आशीर्वाद से परिवार की सारी कड़वाहट खत्म हो और फिर से प्यार और भरोसा लौटे।

Scroll to load tweet…

बस्ती राजघराने की बेटी हैं भानवी सिंह

भानवी सिंह खुद भी एक बड़े शाही परिवार से आती हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को यूपी के बस्ती राजघराने में हुआ था। उनके पिता कुंवर रवि प्रताप सिंह बस्ती के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। भानवी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बस्ती और फिर आगे की पढ़ाई लखनऊ से पूरी की है। साल 1995 में उनकी शादी भदरी रियासत के राजकुमार रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, दो बेटे शिवराज और बृजराज और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी।

राजा भैया से भी ज्यादा अमीर हैं पत्नी भानवी, हथियारों का भी शौक

भानवी सिंह भले ही राजनीति से दूर रहती हों, लेकिन बिजनेस की दुनिया में उनका अच्छा नाम है। दिलचस्प बात यह है कि वो अपने पति राजा भैया से भी ज्यादा अमीर हैं। 2017 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, राजा भैया के नाम करीब 6 करोड़ रुपए की संपत्ति थी, जबकि भानवी सिंह के नाम 7.2 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी दर्ज थी। भानवी सिंह के पास करीब साढ़े 4 किलो सोना, 10 किलो चांदी और 21 सोने के सिक्के हैं। शाही अंदाज रखने वाली भानवी को हथियारों का भी शौक है। उनके पास एक पिस्टल, एक राइफल और एक बंदूक भी है।

राजा भैया और भानवी सिंह क्यों अलग रह रहे हैं?

दोनों के बीच ये अनबन नई नहीं है। ये रिश्ता अब कोर्ट की दहलीज तक पहुंच चुका है। दोनों के बीच विवाद की शुरुआत तब हुई जब भानवी ने राजा भैया के चचेरे भाई और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर जाली साइन करके कंपनी के शेयर बेचने का केस दर्ज कराया। जब राजा भैया से पूछा गया तो उन्होंने साफ कह दिया कि वो अपने भाई अक्षय के साथ खड़े हैं। यहीं से पति-पत्नी के बीच दरार गहरी हो गई। नवंबर 2022 में दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की गई। दोनों 2017 से ही अलग रह रहे हैं।

भानवी सिंह ने राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगाए

भानवी ने राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और मार्च 2025 में दिल्ली में घरेलू हिंसा की FIR भी दर्ज कराई थी। हालांकि, फरवरी 2026 में दिल्ली की एक अदालत ने मामले को बहुत पुराना और समय-सीमा से बाहर बताते हुए राजा भैया को बड़ी राहत दे दी थी। फिलहाल तलाक के मुख्य मामले पर फैसला आना बाकी है।