यूपी के बस्ती में आवारा लड़कों की राह में रोड़ा बने एक पालतू कुत्ते को जहर देने का मामला सामने आया है। कुत्ते के मालिक ने बताया कि उनकी गैर-मौजूदगी में कुत्ते को मांस के टुकड़े में जहर मिलाकर खिला दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

बस्ती: उत्तर प्रदेश में इन दिनों कुत्तों के हमलों से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पालतू और स्ट्रीट डॉग के हमलों से जहां कुछ लोगों की मौत हो चुकी है तो वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लेकिन यूपी के जिले बस्ती में मामला इसके बिलकुल उलट है। यहां पर मजनुओं के खौफ के आगे एक कुत्ते को अपनी जान गंवानी पड़ी। बता दें कि गांव में कुछ आवारा लड़कों ने आतंक मचा रखा था। लेकिन एक पालतू कुत्ता आवारा लड़कों की राह का रोड़ा बन गया। रात में आवारा लड़कों को देख कुत्ता उनपर गुर्रा कर हमला करने की कोशिश करता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कुत्ते को जहर देकर की हत्या
जिसके बाद आवारा युवकों ने कुत्ते को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। बताया गया कि कुत्ते को मारने के लिए उसे मांस के टुकड़े में जहर मिला कर खिला दिया गया। जिससे कि कुत्ते की मौत हो गई। सोनहा थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव निवासी राजन चौधरी ने बताया कि परिवार की सुरक्षा के लिए उन्होंने दो कुत्ते पाल रखे थे। राजन ने बताया कि गांव के कुछ लड़के रात के अंधेरे का फायदा उठाकर लड़कियों से फब्तियां कसते और उनसे छेड़खानी करते थे। रात में अक्सर लड़के उनके घर के आसपास मंडराते रहते हैं। आवारा लड़कों से छुटकारा पाने के लिए राजन ने जर्मन शेफर्ड ब्रीड के दो कुत्ते पाले थे। रात को अंधेरे का फायदा उठाकर जैसे ही लड़के आते तो मैक्स नामक उनका कुत्ता लड़कों पर हमला कर देता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
राजन ने बताया कि ये सिलसिला काफी दिनों तक चलता रहा। जब मजनुओं की राह में कुत्ता बाधा बनने लगा तो लड़कों ने साजिश के तहत पालतू कुत्ते मैक्स की हत्या कर दी। राजन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव के आरोपी शैलेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि शैलेश अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लड़कियों पर फब्तियां कसा करते थे। वहीं पालतू कुत्ता मैक्स लड़कों का विरोध करता था। राजन ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 29 नवंबर को मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने मांस के टुकड़े में जहर मिलाकर खिला दिया। इस दौरान वह अपने घर पर नहीं थे। बता दें कि एसपी के आदेश के बाद केस दर्ज कर कुत्ते का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 429 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

दुनिया की सबसे बड़ी झुग्‍गी बस्‍ती धारावी की चमकेगी किस्‍मत, देश के सबसे अमीर शख्स अडानी बदलेंगे इसकी तस्वीर