यूपी के गोरखपुर में महादेव झारखंडी मंदिर की निर्माणाधीन दीवार गिरने से एक 50 वर्षीय मजदूर की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बता दें कि कैंट इलाके के कूड़ाघाट के पास स्थित महादेव झारखंडी मंदिर की निर्माणाधीन दीवार अचानक से भरभराकर गिर गई। इस दौरान वहां पर काम कर रहे एक 50 वर्षीय मजदूर छोटेलाल पासवान कि मलबे के नीचे दबने से मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरा मजदूर इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान आसपास एकत्र लोगों ने आनन-फानन में घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दीवार गिरने से हुआ हादसा
बता दें कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि कुछ दिन पहले ही इस्लामियां कॉलेज आफ कामर्स की भी अवैध निर्माणाधीन छत गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। इस हादसे में पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक, प्रिंसिपल और ठेकेदार के खिलाफ तो मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन इसके बाद पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। बता दें कि शनिवार सुबह झारखंडी मंदिर की एक दीवार बन रही थी। वहीं दीवार के पीछे एक गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी बीच दीवार भरभराकर गिर गई। 

मृतक मजदूर के परिवार में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक मजदूर छोटेलाल के परिवार कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक छोटेलाल चौरीचौरा के महिया गांव का निवासी था। छोटेलाल कूड़ाघाट के शिवपुर स्थित बगिया में अपने ससुराल में रहता था। जहां उनकी पत्नी विमला और एकलौता बेटा अमर भी रहता है। वहीं इस हादसे में दूसरा मजदूर 35 वर्षीय छोटेलाल पुत्र नगीना निवासी सुकरौली जिला कुशीनगर गंभीर रूप से घायल हो गया है। बता दें कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है।

2 हजार का कटा चालान तो हेलमेट पहनकर बीच सड़क पर बैठ गया चायवाला, कहा- पुलिस कर रही मनमानी