यूपी के लखनऊ में स्थित भाउराव देवरस अस्पताल के डॉक्टर और वार्ड ब्वाय ने मिलकर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। जब महिला महानगर थाने में शिकायत लेकर पहुंची तो वहां पर मौजद पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से भगा दिया। 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में बीते कुछ दिनों से लगातार दुष्कर्म के कई मामले सामने आ चुके हैं। वहीं एक महिला ने महानगर थाने में लखनऊ के भाउराव देवरस अस्पताल के डॉक्टर और वार्ड ब्वाय पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि डॉक्टर और वार्ड ब्वाय ने बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर उसके साथ गैंगरेप किया है। लेकिन पुलिस ने महिला की शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया। जिसके बाद पीड़िता ने कोर्ट में अर्जी दायर की थी। इसके बाद बुधवार को महानगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी वार्ड ब्वाय को गिरफ्तार कर लिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बेहोशी का इंजेक्शन देकर किया गैंगरेप
पीड़िता ने बताया कि वह भाउराव देवरस अस्पताल में इलाज के लिए गई हुई थी। उसने कहा कि जब डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया तो उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह क्या सोच रहे हैं। डॉक्टर ने पीड़िता से कहा कि तुम इंजेक्शन लगवाने के बाद बिल्कुल सही हो जाओगी। फिर उसके बाद पीड़िता के साथ क्या हुआ उसे इस बारे में जानकारी नहीं थी। पीड़िता ने बताया कि जब उसे होश आया तो उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। पीड़िता ने कहा कि जिसे मेरा इलाज करना था, उसने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा। पीड़िता ने बताया कि डॉ. आरपी सागर ने उसका चेकअप किया था। डॉक्टर के साथ में वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश अवस्थी मौजूद था। उन दोनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। 

होश आने पर दी जान से मारने की धमकी
जब पीड़िता को होश आया तो उसने शोर मचाने की कोशिश की। इस पर डॉक्टर और वार्ड ब्वाय ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने घर आकर अपने परिजनों को इस बारे में जानकारी दी तो परिजन पीड़िता को लेकर महानगर थाने पहुंचे। पीड़िता ने बताया कि भाउराव देवरस अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप सुनते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से भगा दिया। जिसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद आरोपी डॉक्टर आरपी सागर और वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।

पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया मुकदमा
इंस्पेक्टर महानगर केशव कुमार तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कोर्ट के आदेश पर डॉ. आरपी सागर और वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश अवस्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि राजाजीपुरम निवासी सत्य प्रकाश अवस्थी को गिरफ्तार कर मामले की पूछताछ की जा रही है। साथ ही डॉ. आरपी सागर के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद लोहिया पार्क में नाबालिग से रेप, पीड़िता का इलाज जारी