यूपी चुनाव 2022 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने इस घोषणापत्र का नाम उन्नति विधान दिया है। कांग्रेस ने चुनावी घोषणापत्र के जरिए सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया है। आपको बता दें कि मंगलवार को ही भाजपा और सपा ने भी यूपी चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया है। 

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार 9 फरवरी 2022 को कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया। यूपी कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर यह घोषणापत्र जारी किया गया। पार्टी ने इसे 'उन्नति विधान' नाम दिया है। इस दौरान कार्यक्रम में उन्नति विधान जन घोषणापत्र के चेयरमैन सलमान खुर्शीद, अराधना मिश्र मोना, जितेंद्र बघेल, सुप्रिया श्रिनेत, अजय लल्लू, नसीमुद्दीन सिद्दीकी आदि लोग मौजूद रहें। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने जितने भी घोषणा पत्र जारी किए हैं, उसमें दर्ज बातें आम जनता के सुझाव हैं। प्रदेश के लोगों से चर्चा करके ही ये सारे सुझाव आए हैं। हमने अपने घोषणा पत्र में यह दर्ज किया है कि हम प्रदेश का विकास कैसे करेंगे। 

घोषणापत्र के अहम बिंदुओं की जानकारी देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। यह कर्जमाफ सरकार बनने के 10 दिन के भीतर होगा। जिन परिवारों पर कोरोना की मार पड़ी है उन्हें 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी के साथ 20 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ की तरह हमारी सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। धान और गेहूं 2500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ना 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। बिजली का बिल आधा किया जाएगा और कोरोना काल का बकाया माफ किया जाएगा। 

कोरोना प्रभावित परिवारों को 25 हजार की मदद
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित परिवारों को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। पुलिस, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सहित सार्वजनिक क्षेत्र में 12 लाख का भारी-भरकम बैकलॉग भरा जाएगा। इसके अलावा आठ लाख और नौकरियां दी जाएंगी।

छोटे उद्यमों को पहुंचाई जाएगी मदद 
प्रियंका गांधी ने कहा कि बागपत में व्यापारी पति पत्नी ने जहर खाया और पत्नी की मौत भी हो गई। यह बेहद दुखद है। हम ऐसे छोटे व्यापारियों की मदद करना चाहते हैं। इसके लिए हम छोटे उद्यमों को क्लस्टर घोषित करेंगे और उन्हें सरकार की ओर से मदद पहुंचाई जाएगी। 

'बढ़ाया जाएगा स्कूल रसोइयों का वेतन'
स्कूल रसोइयों का वेतन बढ़ाकर 5000 किया जाएगा। कोरोना में जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं को 50 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। एडहॉक शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को अनुभव और नियमों के आधार पर नियमित किया जाएगा।

'केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा'
कांग्रेस ने अपने उन्नति विधान में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण दिया जाएगा। कोल समुदाय को आदिवासी जनजाति का दर्जा दिया जाएगा। 

'पत्रकारों के विरुद्ध दायर मुककमे होंगे खत्म'
पत्रकारों के विरुद्ध दायर मुकदमे खत्म किए जाएंगे और जो गैरकानूनी रूप से जेल में बंद हैं, उन्हें रिहा किया जाएगा। शिल्पकारों, बुनकरों, किसानों और पूर्व सैनिकों जैसे समूहों के लिए विधान परिषद में पांच अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी।

प्रियंका विपक्ष पर हुईं हमलावर 
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी चुनाव से पहले गर्मी निकालने, चर्बी निकालने की बातें क्यों हो रही हैं? पद खाली हैं, भर्ती निकालिए। हम तो पूरा खाका पेश कर रहे हैं कि हम सभी पद भरेंगे और अतिरिक्त नौकरियां देंगे।

सलमान खर्शीद ने कहा- जनता के बीच जाकर बनाया गया उन्नति विधान

इस दौरान सलमान खुर्शीद ने कहा कि घोषणा पत्र सभी पार्टियां निकालती हैं लेकिन हमने प्रियंका जी के निर्देश पर जनता से संवाद किया, सभी जनपदों में पहुंचे, बहुत से लोगों के साथ चर्चाएं कीं, विशेषज्ञों की राय ली, विभिन्न समूहों और आम जनता से बात की। इसके बाद हमारा उन्नति विधान तैयार हुआ है। अपने घोषणा पत्र के लिए हमने एक लाख लोगों से बातचीत की। इसमें आम लोग, मजदूर, किसान, विशेषज्ञ और हर वर्ग के लोग शामिल हैं। यह सही मायने में जन घोषणा पत्र है। इसके माध्यम से हम बताना चाहते हैं कि जनता की आकांक्षाएं क्या हैं और हम जनता के लिए क्या करेंगे।

भाजपा के घोषणापत्र पर प्रियंका हुईं हमलावर
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा के घोषणापत्र पर निशाना साधा है। प्रियंका ने ट्वीट किया है कि, भाजपा को अपने "घोषणा पत्र" का नाम धोखा पत्र रखना चाहिए। 70 सालों की रट लगाने वाली भाजपा 5 सालों में अपने घोषणापत्र के 1/4 वादे भी नहीं पूरे कर पाई। न 5 सालों के काम का हिसाब, न ही भविष्य निर्माण का कोई विजन। इसलिए कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को कॉपी-पेस्ट करके अपना काम चला रही है।

Scroll to load tweet…

भाजपा के घोषणापत्र पर कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना 
आपको बता दें कि मंगलवार 8 फरवरी को यूपी चुनाव के लिए बीजेपी और समाजवादी पार्टी की ओर से घोषणापत्र जारी किया गया था। इस घोषणापत्र में प्रदेश की जनता के लिए कई वादे किए गए। कांग्रेस के मीडिया और कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि हर बार रोजगार को लेकर दो दावे किया जाते है वह हास्यासपद हैं। योगी सरकार का रिपोर्ट कार्ड कहता है कि पांच लाख सरकारी नौकरी दी। जबकि चुनावी विज्ञापन कहता है कि साढ़े चार लाख नौकरी दी। रोजगार को लेकर सरकार का आंकड़ा रोज बदल जाता है। 

UP Election Info: उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2022 में 403 व‍िधानसभा सीट के ल‍िए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।

यूपी चुनाव: तजीन फातिमा बोलीं- आजम के विरोधियों का बंद हो हुक्का-पानी, न रखा जाए कोई रिश्ता