यूपी के संभल में एक युवक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। युवक ने मामले को लेकर पुलिस से भी शिकायत की। हालांकि मामले में कोई भी सुनवाई न होने पर उसने कोर्ट से गुहार लगाई। 

संभल: यूपी के संभल से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सरकारी कागजों में मृत घोषित हो चुका एक शख्स यहां खुद को जिंदा साबित करने के लिए घूम रहा है। पीड़ित हाथ में तख्ती लेकर सभी से कह रहा है कि मैं जिंदा हूं साहब। दरअसल युवक के भाई ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के सहारे उसके बीमा के दो लाख रुपए हड़प लिए हैं। इतना ही नहीं उसी फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के सहारे ही वह जमीन भी अपने नाम पर करवा चुका है। जिसके बाद पीड़ित शख्स दर-दर भटकने को मजबूर है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सगे भाई ने हड़प ली जमीन और बीमा की रकम 
गौरतलब है कि जनपद में युवक ने अपने ही सगे भाई का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर 2 लाख की बीमा राशि हड़प ली। यह पूरा मामला हयात नगर थाना इलाके के मुजफ्फरपुर गांव से सामने आया। पीड़ित अबरार का आरोप है कि उसके सगे भाई इसरार ने एक साजिश के तहत बैंक में उसका खाता खुलवाने के बाद खुद को नॉमिनी दिखाया। इसके बाद फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए प्रधानमंत्री जीवन बीमा की 2 लाख की राशि भी हड़प ली। आरोपी इसरार ने इसी फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के सहारे अबरार की 6 बीघा जमीन को भी अपने नाम पर दर्ज करवा लिया। उसने जब विरोध किया तो आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। 

पुलिस ने शिकायत पर नहीं दिया कोई भी ध्यान 
पीड़ित अबरार ने अपने भाई इसरार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने जाकर मदद की गुहार लगाई। हालांकि हयात नगर थाने की पुलिस ने भी मृत अबरार की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद पीड़ित ने मामले का केस दर्ज करवाने के लिए कोर्ट से गुहार लगाई। कोर्ट ने पीड़ित अबरार की याचिका पर सुनवाई करते हुए हयात नगर थाने की पुलिस को आरोपी इसरार समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज करने औऱ कार्रवाई का आदेश दिया। इस बीच मुर्दा घोषित हो चुका अबरार खुद को जीवित साबित करने के लिए 'मैं जिंदा हूं' की तख्ती लेकर तहसील और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। 

देवरिया में शोहदों के हौंसले बुलंद, छेड़खानी से रोकने पर पुलिस का कर दिया ऐसा हाल