मैनपुरी में 5 बजे तक 51.20% मतदान हुआ। जबकि खतौली में 5 बजे तक 54.50% मतदान हुआ। वहीं रामपुर में 5 बजे तक 31.22% मतदान हुआ है। मतदान प्रतिशत पर गौर किया जाए तो रामपुर में काफी कम मतदान हुआ। यहां सुबह से आरोप लग रहा था कि पुलिस मतदान की प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है औऱ लोगों को वोट डालने नहीं दिया जा रहा।
- Home
- States
- Uttar Pradesh
- UP Bypoll : रामपुर-खतौली में हुआ मतदान, अब्दुल्ला आजम बोले- चुनाव नहीं धांधली हो रही
UP Bypoll : रामपुर-खतौली में हुआ मतदान, अब्दुल्ला आजम बोले- चुनाव नहीं धांधली हो रही

लखनऊ: रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर सोमवार को मतदान हुआ। खतौली विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और रालोद प्रत्याशी के बीच माना जा रहा है। वहीं रामपुर उपचुनाव में सपा और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। यूपी की जनता ने उपचुनाव में किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया इसका पता 8 दिसबंर को मतगणना के दौरान चलेगा। जानिए मतदान से जुड़ी तमाम लाइव अपडेट्स
खतौली में 5 बजे तक हुआ सबसे अधिक मतदान
रामपुर में हुई सबसे कम वोटिंग
खतौली उपचुनाव में 3 बजे तक 40.2 फीसदी मतदान हुआ। जबकि रामपुर उपचुनाव में 3 बजे तक 26.32 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं मैनपुरी में 47 फीसदी मतदान 3 बजे तक हुआ।
'रामपुर में चुनाव नहीं धांधली हो रही, जनता को यहां सिर्फ पुलिस से है खतरा'
अब्दुल्ला आजम ने रामपुर में हो रहे चुनाव को धांधली बताया। उन्होंने कहा कि रामपुर में चुनाव नहीं हो रहा बल्कि धांधली हो रही है। लोगों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। मोहल्ले और गलियों में लाठीचार्ज हो रहा है। लोगों की पर्चियां फाड़ी जा रही हैं। हम पहले भी कह चुके हैं कि मतदान मत करवाईए सीधे भाजपा प्रत्याशी को जीत का सर्टिफिकेट दे दिया जाए। अब्दुल्ला आजम ने यह भी कहा कि रामपुर की जनता को सबसे ज्यादा खतरा यहां की पुलिस से है।
खतौली में 1 बजे तक 33.02 फीसदी हुआ मतदान
खतौली में 1 बजे तक 33.02 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं मैनपुरी में 1 बजे तक 31.6 फीसदी मतदान हुआ है। खतौली में मतदान को लेकर वोटर्स में उत्साह दिखाई पड़ रहा है।
11 बजे तक खतौली में हुआ सबसे ज्यादा मतदान
चुनाव आयोग की ओर से 11 बजे तक हुए मतदान का प्रतिशत जारी किया गया है। बताया गया कि सुबह 11 बजे तक मैनपुरी में 19.5% खतौली में 20.70 फीसदी और रामपुर में सुबह 11.3 फीसदी मतदान हुआ।
सपा ने लगाया आरोप- पुलिस नहीं डालने दे रही वोट
रामपुर में मतदान के बीच सपा ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने फोटो वीडियो जारी कर पुलिस पर आरोप लगाया कि वोटर को पीटा जा रहा है। लोगों को बूथ से वापस किया जा रहा है।

अखिलेश बोले- रामपुर से आ रही तस्वीरें परेशान करने वाली
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि 2024 के लिए हमें अच्छी तैयारी करनी होगी। निष्पक्ष फैसला नहीं लिया जा रहा है। विरोध करने पर भी केस दर्ज कराए जा रहे है। चुनाव आयोग आंखें बंद करके बैठा हुआ है। अखिलेश ने कहा कि रामपुर में प्रशासन भाजपा का समर्थन कर रहा है। रामपुर में मतदाताओं पर लाठियां बरसाईं जा रही हैं। कई सपा नेताओं पर लाठीचार्ज भी किया गया है। रामपुर से सामने आ रही तस्वीरें परेशान करने वाली हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने डाला वोट
रामपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने वोट डाला। उन्होंने रामपुर के दनियापुर में विधानसभा उपचुनाव के मताधिकार का इस्तेमाल किया।

सुबह 9 बजे तक मैनपुरी में सबसे ज्यादा मतदान
सुबह 9 बजे तक खतौली में 6.9 फीसदी, रामपुर में 3.97 फीसदी और मैनपुरी में 7.08 फीसदी मतदान हुआ है।
सीएम योगी ने की सुरक्षा, विकास और सुशासन के लिए मतदान की अपील
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर जनता से मतदान की अपील की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि, मैनपुरी लोकसभा, रामपुर व खतौली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता भाइयो-बहनो! सुरक्षा, विकास व सुशासन के लिए आज मतदान अवश्य करें। हर वोट अमूल्य है। पहले मतदान-फिर जलपान!
खतौली सीओ को सस्पेंड करने की हुई मांग
सीओ राकेश कुमार सिंह भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। मुस्लिम मतदाताओं का आधार कार्ड देखकर उन्हें डाटकर वापस भगा रहें। संज्ञान ले चुनाव आयोग, सीओ को तत्काल सस्पेंड कर निष्पक्ष चुनाव हो सुनिश्चित!
खतौली से 14 और रामपुर से 10 प्रत्याशी मैदान में
खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि रामपुर विधानसभा सीट से 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। खतौली से 4 महिला प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रही हैं।
मतदान के लिए मान्य होंगे ये पहचान पत्र
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 पहचान पत्र मान्य होंगे। इसमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज भी इसमें शामिल हैं।
शाम 6 बजे तक मौजूद मतदाता कर सकेंगे मतदान
उपचुनाव में जो भी मतदाता शाम 6 बजे तक मतदान स्थलों पर मौजूद रहेंगे वह मतदान कर सकते हैं। लोगों को मतदान के लिए जागरुक करने को लेकर तमाम अभियान भी बीते दिनों सरकार की ओर से चलाए गए। प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के लोगों ने भी जनता को मतदान के लिए प्रेरित किया और उनसे वोट अपील की।