यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने 30 स्टार प्रचारकों की संशोधित सूची जारी की है। इस सूची में सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम शामिल नहीं है। जबकि पहली सूची में यह दोनों ही नाम सम्मिलित थे। नई लिस्ट में क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं। 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की एक संसोधित सूची जारी कर दी है। संशोधित सूची में कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम शामिल नहीं है। हालांकि पुरानी सूची में यह दोनों ही नाम शामिल थे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरपीएन सिंह भाजपा में हो चुके शामिल
कांग्रेस की पुरानी स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी होने के बाद ही दिग्गज नेता आरपीएन सिंह ने कांग्रेस से किनारा कर लिया था। आरपीएन सिंह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद अब कांग्रेस ने नई संशोधित सूची जारी की है। 
कांग्रेस की 30 स्टार प्रचारकों की संशोधित सूची में भारतीय क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मो. अजहरुद्दीन, पूर्व सांसद राजीव शुक्ला, राशिद आल्वी और जफर अली नवकी भी शामिल किए गए हैं। 

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में यह नाम शामिल
कांग्रेस ने जिन 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है उसमें सांसद राहुल गांधी, महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, आराधना मिश्र मोना, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, राजीव शुक्ला, सचिन पायलट, दीपेंद्र सिंह हुड्डा को जगह मिली है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आचार्य प्रमोद कृष्णम, जफर अली नकवी, कुलदीप बिश्नोई, वर्षा गायकवाड़, हार्दिक पटेल भी इस लिस्ट में शामिल हैं। 

गौरतलब है कि यूपी में 7 चरणों में विधानसभा चुनाव होना है। 10 फरवरी को पहले चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान होगा। जबकि दूसरे चरण में 14 फरवरी को 9 जिलों की 55 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में 20 फरवरी को 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होनी है। वहीं चौथे चरण में 23 फरवरी को राजधानी लखनऊ समेत 9 जिलों की 60 सीटों पर मतदान होगा। वहीं पांचवें चरण में 27 फरवरी को 11 जिलों की 60 सीटों पर, छठवें चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर और अंतिम व सातवें चरण में 7 मार्च को 9 जिलों की 54 सीटों पर मतदान होगा। इन सभी वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।