छात्रों ने बाउंसर्स पर अभद्रता करने, मेडिकल  कार्ड फाड़ने और मारपीट करने के साथ ही साथ जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए चीफ प्रॉक्टर कार्यालय और लंका थाने में लिखित तहरीर दी है।  

वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सर सुन्दर लाल चिकित्सालय के नाक, कान एवं गला रोग विभाग में गुरुवार की सुबह बाउंसर और छात्रों में जमकर कहासुनी और हाथापाई हुई। इस सम्बन्ध में छात्रों ने बाउंसर्स पर अभद्रता करने, मेडिकल कार्ड फाड़ने और मारपीट करने के साथ ही साथ जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए चीफ प्रॉक्टर कार्यालय और लंका थाने में लिखित तहरीर दी है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस सम्बन्ध में भुक्तभोगी मीडिया कम्यूनिकेशन लॉ के छात्र दुलारे प्रसाद ने बताया कि हम अपने गांव के एक व्यक्ति को सुबह डॉक्टर के पास लेकर आये थे. डॉक्टर ने दवा लिखी थी जिसे लेने के लिए हम और हमारे परिजन बाहर आये और दवा खरीद कर जब वापस डॉक्टर से समझने के लिए अंदर जाने लगे तो विभाग के गेट पर खड़े बाउंसर ने कहा कि सिर्फ एक आदमी जाएगा बाकी लोग नहीं जाएंगे। 

दुलारे प्रसाद ने कहा कि इसपर हमने परिजन को अंदर भेज दिया और वहीं खड़े हो गए तो बाउंसर ने पहले हमें गेट के पास से धक्का दिया। हमने जब विद्रोध किया और कहा कि धक्का क्यों दे रहे हैं तो बोला की अभी नहीं दिया है धक्का अब देंगे और बाहर ढकेल के हमें मारने-पीटने लगे। हमारे साथी और छात्र आये तो उन्हें भी धमकी दी की हमारे पास 500 गुंडों की फ़ौज है सबको मारकर फेकवा देंगे। 

वहीं जब दुलारे प्रसाद से पूछा गया कि बाउंसर ने आप पर मारपीट और घड़ी छीनने का आरोप लगाया है तो उन्होंने कहा कि मेरी स्थिति देखकर ऐसा लगता है की 6 फिट के बाउंसर को मै मारकर उसकी घड़ी छीन सकता हूँ। फिलहाल छात्रों ने प्रॉक्टर कार्यालय और लंका थाने में इस सम्बन्ध में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।