यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा सरकार बनाने के साथ- साथ 2024 में होने वाले चुनाव के लिए भी बड़ा संदेश देने जा रही है। इस बार भाजपा सरकार युवाओं और महिलाओं को अहम जिम्मेदारियां देकर सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधेगी।

दिव्या गौरव
लखनऊ:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन के साथ ही 2024 के लिए बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। पार्टी युवाओं और महिलाओं को अहम जिम्मेदारियां देकर सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, संगठन मानता है कि इसबार मिले प्रचंड बहुमत में महिलाओं और युवाओं का बड़ा रोल है, ऐसे में उन्हें अहमियत भी अधिक देनी चाहिए। युवा और महिलाओं की बात करें तो बृजेश पाठक, शलभमणि त्रिपाठी, असीम अरुण, बेबीरानी मौर्य, नंदगोपाल नंदी, जयप्रताप सिंह, जितिन प्रसाद और अनिल राजभर का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। इसके साथ ही मनोहरलाल मन्नू कोरी, प्रतिभा शुक्ला, अंजुला माहौर, राजेश्वर सिंह, अजीत पाल, विपिन वर्मा डेविड, कृष्णा पासवान, राजीव सिंह, योगेंद्र उपाध्याय, बृजेश सिंह, धर्मपाल सिंह, मनीषा अनुरागी, अमित अग्रवाल, डॉ. जीएस धर्मेश,समेत कई अन्य नाम भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।

संघ-भाजपा के कई बड़े नेता होंगे शामिल
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को शाम चार बजे होगा। शपथ ग्रहण सामारोह का आयोजन राजधानी में शहीद पथ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में किया जाएगा। भाजपा सूत्रों के अनुसार इससे पहले संभवत: 21 मार्च को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शपथ ग्रहण में शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

इन्हें भी मिला शपथ ग्रहण का न्योता
पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, योगी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह की व्यापक तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जिसमें योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, को भी आमंत्रित किया जाएगा।

चुनाव में भाजपा को मिली थी प्रचंड जीत
गौरतलब है कि भाजपा ने 403-सदस्यीय विधानसभा में 255 सीटें जीतीं और उसके सहयोगियों ने 18 अन्य सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी का मार्ग प्रशस्त किया। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव हुए और 10 मार्च को नतीजे घोषित किए गए।

संजय निषाद ने मोदी और योगी को बताया बड़ा भाई, बोले- जो जिम्‍मेदारी देंगे उसे करेंगे स्‍वीकार