प्यार करने की सजा: 50000 रुपए का जुर्माना और फिर शादी कराके गांव निकाला

बिहार में एक प्रेमी युगल को भरी पंचायत में बेइज्जत करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका विधवा है, जबकि प्रेमी मुस्लिम है। पंचायत ने दोनों की जबर्दस्त शादी कराई और फिर गांव से निकाल दिया।

/ Updated: Sep 22 2019, 12:01 PM IST

Share this Video
  • FB
  • TW
  • Linkdin
  • Email

अररिया. बिहार की एक पंचायत ने प्यार करने पर एक कपल को सबके सामने खूब बेइज्जत किया। उनके हाथ-पैर बांधकर पीटा। बाद में जबर्दस्ती शादी कराकर गांव से निकाल दिया। घटना के बाद से कपल गायब है। बताते हैं कि शादी कराने से पहले दोनों को प्रतिबंधित मांस और हड्डी खिलाई गई। उन पर 50000 रुपए का जुर्मान भी लगाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले में पुलिस ने सरपंच सहित  16 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 


खेत पर बना लिया था बंधक..
घटना अररिया जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के फ़रकिया गांव में हुई। बताते हैं कि यहां रहने वाली एक विधवा और मो. अकबर नामक अधेड़ का लंबे समय से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। इसकी भनक लगने पर पंचायत बुलाई गई थी। SDOP कुमार देवेंद्र सिंह ने बताया कि  महिला के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में छापामार कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर को अकबर अपने धान के खेत पर गया था। तभी 15-20 लोग अकबर को जबर्दस्ती उसकी बेटी के घर ले गए। इसके बाद दोनों के बीच नाजायज संबंध होने का आरोप लगाते हुए पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद गांव के सरपंच मो. असलम ने पंचायत बुलाई। पंचायत में दोनों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके बाद दोनों की जबर्दस्ती शादी कराकर गांव से भगा दिया। घटना के बाद से ही प्रेमी युगल गायब है। महिला के पिता ने सरपंच पर बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शादी कराने से पहले उसे प्रतिबंधित मांस और हड्डी खिलाई गई। हालांकि पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस प्रेमी युगल को ढूंढ रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। हालांकि गांव के सरपंच ने माना कि पंचायत से गलती हुई है। कपल के साथ मारपीट की गई, लेकिन जुर्माना नहीं वसूला गया। सरपंच ने बाकी आरोपों को नकार दिया।