7000 करोड़ के बैंक फ्रॉड में मामला दर्ज होने से दिल्ली में प्रदूषण को लेकर एनजीटी में सुनवाई तक, देखिए दुनियाभर की खबरें 100 सेकेंड्स में

सीबीआई ने 7000 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड के मामलों में 35 केस दर्ज किए हैं। इस सिलसिले में देशभर में 169 जगहों पर मंगलवार को तलाशी ली गई।

/ Updated: Nov 05 2019, 09:48 PM IST

Share this Video
  • FB
  • TW
  • Linkdin
  • Email

1. सीबीआई ने 7000 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड के मामलों में 35 केस दर्ज किए हैं। इस सिलसिले में देशभर में 169 जगहों पर मंगलवार को तलाशी ली गई। सीबीआई ने आंध्रप्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दादर एवं नागर हवेली में कार्रवाई की।

2. दिल्ली के प्रदूषण पर एनजीटी ने मंगलवार को सुनवाई की। एनजीटी ने दिल्ली सरकार को फटकार लगाते हुए पूछा कि कूड़ा जलाने के मामलों को रोकने के लिए वह क्या कर रही है। इस पर दिल्ली के मुख्य सचिव विजय कुमार देव ने माना कि प्रदूषण रोकने की उनकी कोशिशें अधूरी हैं।

3. विराट कोहली सोमवार को 31 साल के हो गए। इस मौके पर उन्होंने 15 साल के चीकू यानी खुद को एक पत्र लिखा। यह खत विराट ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी-20 की सीरीज से आराम लिया है। वे अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ भूटान में छुट्टियां मना रहे हैं।

4. पीएनबी को जुलाई-सितंबर तिमाही में 507.05 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ। पिछले साल की इसी तिमाही में 4,532.35 करोड़ का घाटा हुआ था। बैंक की कुल आय बढ़कर 15,556.61 करोड़ रुपए पहुंच गई। 2018 की सितंबर तिमाही में 14,035.88 करोड़ थी।

5. सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि वे कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की नई ऑडियो क्लिप को संज्ञान में लेगा, जिसमें वे कथित तौर पर कांग्रेस-जेडीएस के बागी विधायकों के बारे में कुछ कहते सुनाई दिए हैं। येदि ने उपचुनाव से पहले कांग्रेस और जेडीएस के बागी विधायकों को भाजपा का टिकट देने की मांग की थी।

6. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने जलवायु परिवर्तन के खतरों पर भारत को चेताया है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वजह से समुद्रों का जलस्तर अनुमान से तेजी से बढ़ रहा है। भारत, जापान, चीन और बांग्लादेश को इससे सबसे ज्यादा खतरा है।

7. ओयो होटल्स एंड होम्स के फाउंडर रितेश अग्रवाल और 6 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। एक होटल व्यवसायी ने ओयो पर पिछले 5 महीनों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। उसने ओयो पर 35 लाख रुपए बकाया होने का दावा किया है।

8. विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 13 दिन बाद भी महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। भाजपा-शिवसेना के बीच खींचतान और बयानबाजी और तेज हो गई है। मंगलवार को एक बार फिर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री सिर्फ शिवसेना का होगा।