पूरे देश में कोरोना वायरस महामारी के चलते लॉकडाउन लगा हुआ है। इस बीच झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा बायोलॉजिकल पार्क में अनुष्का नाम की बाघिन ने 3 शावकों को जन्म दिया है।

हटके डेस्क। पूरे देश में कोरोना वायरस महामारी के चलते लॉकडाउन लगा हुआ है। इस बीच झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा बायोलॉजिकल पार्क में अनुष्का नाम की बाघिन ने 3 शावकों को जन्म दिया है। इससे वहां खुशी का माहौल बन गया है। अनुष्का और उसके तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। अनुष्का उन्हें दूध पिला रही है। बायोलॉजिकल पार्क के कर्मचारी अनुष्का और उसके तीनों शावकों का ठीक से ख्याल रख रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

2018 में पहली बार मां बनी थी अनुष्का
अनुष्का और नर बाघ मल्लिक को 2016 में हैदराबाद के जूलॉजिकल पार्क से वन्य जीव आदान-प्रदान योजना के तहत रांची के बिरसा मुंडा बायोलॉजिकल पार्क में लाया गया था। उस वक्त अनुष्का की उम्र 8 वर्ष और मल्लिक की उम्र 7 वर्ष थी। 2018 के अप्रैल महीने में अनुष्का पहली बार मां बनी थी। उस समय भी उसने तीन शावकों को जन्म दिया था। 

लॉकडाउन से जानवर भी हैं परेशान
बिरसा मुंडा बायोलॉजिकल पार्क के कर्मचारियों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से जानवर भी परेशान हैं। पहले यहां काफी लोग घूमने के लिए आया करते थे। इससे जानवरों का मन लगा रहता था। वे पार्क में घूमने आने वाले लोगों को देख कर खुश हो जाते थे और काफी उधम मचाते थे, लेकिन अब कोई चहल-पहल नहीं रहने से वे उदास दिखते हैं। यह बायोलॉजिकल पार्क लॉकडाउन लगने के पहले से ही बंद है। बर्ड फ्लू फैलने की आशंका की वजह से इसे बंद कर दिया गया था।

पार्क का किया जाता है सैनिटाइजेशन
कोरोना वायरस फैलने के बाद से लगातार पूरे पार्क का सैनिटाइजेशन किया जा रहा है, साथ ही जानवरों के खाने-पीने का भी खास ख्याल रखा जा रहा है। जानवरों के पिंजड़े का केमिकल सैनिटाइजेशन करने के साथ ही हीट सैनिटाइजेशन भी किया जा रहा है। जावनवरों के बाड़े की साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मांसाहारी जानवरों को हमेशा ताजा मीट दिया जा रहा है। पार्क के कर्मचारियों के लिए सैनिटाइजेशन के साथ मास्क और ग्लव्ज का इस्तेमाल करना अनिवार्य कर दिया गया है। उनके हेल्थ की भी नियमित जांच की जा रही है। फिलहाल, शावकों के जन्म के बाद यहां काफी खुशी का माहौल बन गया है।