ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में IIT ग्रेजुएट भारतीय छात्र शुभम गर्ग को लुटेरे ने 11 बार चाकू मारा था। शुभम के चेहरे, छाती और पेट पर कई घाव हैं।  शुभम के परिवार को हमले के एक हफ्ते से भी अधिक समय बाद शुक्रवार को वीजा मिला।

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में IIT ग्रेजुएट भारतीय छात्र को लुटेरे ने 11 बार चाकू मारा था। 28 साल के छात्र शुभम गर्ग की स्थिति गंभीर बनी हुई है। छात्र उत्तरप्रदेश के आगरा का रहने वाला है। वह सिडनी के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय से पीएचडी की पढ़ाई कर रहे हैं। 6 अक्टूबर को उनपर हमला हुआ था। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शुभम गर्ग परिजनों ने आरोप लगाया है कि हेट क्राइम के चलते हमला हुआ है। शुभम के परिवार को हमले के एक हफ्ते से भी अधिक समय बाद शुक्रवार को वीजा मिला। परिजनों ने सरकार से शुभम के भाई को ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए वीजा की सुविधा देने की अपील की थी। 

चेहरे, छाती और पेट में हैं घाव
शुभम 1 सितंबर को IIT मद्रास से ग्रेजुएशन करने के बाद ऑस्ट्रेलिया गए थे। छह अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे शुभम एटीएम से पैसे निकालकर लौट रहे थे तभी एक व्यक्ति उसके पास पहुंचा। उसने चाकू दिखाकर धमकाया और पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसने शुभम पर हमला कर दिया। उसे 11 बार चाकू से गोदा और भाग गया। वह घायल स्थिति में पास के एक घर में गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। शुभम के चेहरे, छाती और पेट में कई घाव हैं। 

शुभम के पिता रामनिवास गर्ग ने बताया है कि शुभम किसी तरह हमले में बच गया। घटना की जानकारी हमें 8 अक्टूबर को मिली। शुभम ने मेरे कॉल का जवाब नहीं दिया तो हमने उसके दोस्त को फोन किया। उसने शुभम पर हुए हमले के बारे में बताया। उसके पेट का घाव इतना गंभीर था कि 11 घंटे तक सर्जरी हुई।

हमले के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
27 साल के एक व्यक्ति को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शुभम को हमलावर के बारे में पता नहीं था। शुभम को कई सर्जरी की जरूरत थी। उनकी बहन काव्या गर्ग ने ट्वीट में कहा कि सरकार से आपातकालीन वीजा के साथ परिवार की मदद करने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- स्वदेशी है भारत का 5G, वित्त मंत्री सीतारमण बोलीं- दूसरे देशों को भी दे सकते हैं इसकी सुविधा

काव्या गर्ग ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय, केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए ट्वीट किया कि मेरे भाई शुभम गर्ग पर सिडनी में हमला किया गया था। वह गंभीर स्थिति में है। हम इस मामले में आपकी तत्काल मदद और परिवार के सदस्य को उसकी देखभाल के लिए आपातकालीन वीजा चाहते हैं। गुरुवार को काव्या ने ट्वीट किया कि मेरे भाई के कई ऑपरेशन चल रहे हैं। डॉक्टर ने कहा है कि शरीर में संक्रमण फैल रहा है। इस मामले में नरेंद्र मोदी से तत्काल मदद का अनुरोध कर रही हूं।

यह भी पढ़ें- California Sikh family killings:बुजुर्ग नहीं सह सके बेटे-बहू व पोती के मर्डर का सदमा, आंसू लेकर भारत लौटे