इमरान खान (Imran Khan) की हत्या के लिए हमलावर नवीद मोहम्मद बशीर ने 20 हजार पाकिस्तानी रुपए में पिस्टल और गोलियां खरीदी थी। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। 

लाहौर। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) पार्टी के प्रमुख इमरान खान को जान से मारने के लिए हमलावर नवीद मोहम्मद बशीर ने 20 हजार पाकिस्तानी रुपए में पिस्टल और गोलियां खरीदी थी। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इन दोनों पर नवीद को पिस्टल और गोलियां बेचने का शक है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इमरान खान पर गुरुवार शाम को पंजाब प्रांत के वजीराबाद में हमला हुआ था। वह पाकिस्तान की केंद्र सरकार के खिलाफ लॉन्ग मार्च निकाल रहे थे। इमरान कंटेनर पर सवार थे तभी गोलीबारी। उनके पैर में गोली लग गई थी। बशीर ने बाद में बयान दिया था कि इमरान खान लोगों को गुमराह कर रहे थे, इसलिए उसने उन्हें जान से मारने का फैसला किया था।

वजीराबाद से दो संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों ने कहा कि दो अन्य संदिग्धों वकास और साजिद बट ने बशीर को एक पिस्तौल और गोलियां 20,000 पाकिस्तानी रुपए में बेचीं थी। पिस्तौल पर कोई नंबर नहीं था। यह अवैध हथियार है। दोनों को वजीराबाद से गिरफ्तार किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बशीर ने इमरान खान पर नजदीक से फायरिंग की थी। 

धार्मिक उग्रवाद के चलते इमरान पर हुआ हमला
पाकिस्तान के गृह मंत्री और पीएमएल (एन) नेता राणा सनाउल्लाह ने शुक्रवार को कहा कि इमरान खान पर हमला देश में धार्मिक चरमपंथ के चलते हुआ है। उनकी पार्टी इमरान खान को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानती है, दुश्मन नहीं। हमलावर के दूसरे वीडियो से पता चलता है कि वह चरमपंथ से प्रभावित था। संदिग्ध का बयान बहुत ही चिंताजनक और खतरनाक है। सनाउल्लाह ने कहा कि यह बहुत दुखद है कि इमरान ने बिना किसी जांच या सबूत के अपनी हत्या के प्रयास के लिए लोगों को दोषी ठहराया। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में केस दर्ज करने में देर क्यों हुई? घटनास्थल से हिरासत में लिए गए संदिग्ध के बयान को लीक क्यों किया गया?